Samachar Nama
×

ग्रेटर नोएडा मुठभेड़: दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली; चोरी के गहने और नकदी बरामद

ग्रेटर नोएडा मुठभेड़: दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली; चोरी के गहने और नकदी बरामद
ग्रेटर नोएडा मुठभेड़: दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली; चोरी के गहने और नकदी बरामद

ग्रेटर नोएडा, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के थाना बिसरख क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। दूसरे आरोपी को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, 11,450 रुपए नकद, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान बिसरख क्षेत्र में बंद मकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात थाना बिसरख पुलिस की टीम स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।

इस दौरान आरोपी रोजा याकूबपुर के छह प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (38) निवासी ग्राम बरखैड़ा, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी ग्राम भूड़ा, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

वहीं, उसके साथी पिंटू (33) निवासी छतरपुर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी जय विहार एक्सटेंशन, पश्चिमी दिल्ली को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बिसरख क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। पहली घटना 27 अगस्त 2026 की है, जब आरोपियों ने सीएचसी बिसरख परिसर में स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण चोरी किए थे। इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर वहां से आभूषण और नकदी चोरी की थी। इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में आभूषण और अन्य सामान बरामद करने की जानकारी दी है। बरामदगी में सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी ईयररिंग या झुमकी, एक हार और एक अंगूठी शामिल हैं। इसके अलावा सफेद धातु की दो पायल, एक कमरबंद और चार कड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को एक लेडीज घड़ी और 11,450 रुपए नकद भी मिले हैं। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में एक प्लास, एक पाना रिंच, एक हथौड़ा और दो छैनी शामिल हैं।

आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज और एटा सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण में उसके खिलाफ बिसरख थाने में दर्ज चोरी के दोनों मुकदमों के अलावा मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा भी शामिल है। वहीं, दूसरे आरोपी पिंटू के खिलाफ बिसरख थाने में चोरी की घटना से संबंधित मुकदमा और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस

Share this story

Tags