Samachar Nama
×

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो फरार

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो फरार
ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो फरार

ग्रेटर नोएडा, 7 नवंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में घरों में चोरी करने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजय नामक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

नोएडा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दादरी पुलिस की टीम सेक्टर ज्यू-3 के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में सवार चार संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजय के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश को पकड़ लिया। वहीं, मौके पर चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान समीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की ज्वैलरी और छह हजार रुपये नकद भी मिले हैं। बरामद आभूषणों में दो जोड़ी चांदी की पायल, चार चांदी के सिक्के, एक सोने की अंगूठी, चांदी का एक कड़ा और सोने की एक चेन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने दादरी क्षेत्र की ओमीक्रोन, म्यू और पिंक सिटी समेत चार कॉलोनियों में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी बंद घरों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अजय के खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं जबकि समीर पर चार मुकदमे दर्ज हैं। घायल अजय का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही बरामद सामान के संबंध में अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने सेक्टर ज्यू-3 के पास चेकिंग के दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजय नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, उसका साथी समीर कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags