Samachar Nama
×

ग्रेटर नोएडा में जल्‍द शुरू होगा वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस, प्राधिकरण को सौंपे गए परफॉर्मेंस गारंटी दस्तावेज

ग्रेटर नोएडा, 16 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रेटर नोएडा को एक और बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का पहला कैंपस इसी वर्ष ग्रेटर नोएडा में शुरू होने वाला है। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को परफॉर्मेंस गारंटी से संबंधित दस्तावेज सौंप दिए हैं, जिससे कैंपस शुरू होने की प्रक्रिया को तेजी मिलने की उम्मीद है।

सोमवार को नोएडा के सेक्टर-16बी स्थित मैक्स टावर में आयोजित कार्यक्रम में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को ये दस्तावेज सौंपे। इस मौके पर यूनिवर्सिटी की प्रॉपर्टी एंड कमर्शियल ऑफिसर मैरियन जॉन्स और उनकी टीम मौजूद रही। वहीं, प्राधिकरण की ओर से ओएसडी गुंजा सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर स्थित टावर-2 में यूनिवर्सिटी को तीन मंजिलें- छठी, सातवीं और आठवीं किराये पर दी गई हैं। इन मंजिलों को यूनिवर्सिटी ने सालाना करीब 86 लाख रुपए के किराये पर लिया है। यहीं पर विश्वविद्यालय का कैंपस विकसित किया जाएगा।

यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों ने बताया कि कैंपस से संबंधित तैयारियां जल्द शुरू कर दी जाएंगी ताकि इसी वर्ष शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जा सकें। इस कैंपस के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा को ग्लोबल एजुकेशन और इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को भी मजबूती मिलेगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में बनने वाला यह कैंपस सस्टेनेबिलिटी, वॉटर मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिजनेस इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर की शिक्षा और शोध को बढ़ावा देगा।

यहां उद्योगों से जुड़े पाठ्यक्रमों और शोध कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि छात्रों को आधुनिक तकनीक और इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके। पहले चरण में विश्वविद्यालय बिजनेस एनालिटिक्स, मार्केटिंग, डेटा साइंस, सस्टेनेबल वॉटर फ्यूचर्स और एग्रीकल्चर जैसे विषयों में पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। दूसरे चरण में इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और सप्लाई चेन मैनेजमेंट से जुड़े नए शैक्षणिक कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।

प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस यहां खुलना इस बात का प्रमाण है कि ग्रेटर नोएडा शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक संस्थानों की पसंदीदा जगह बन चुका है। इससे न केवल शहर का शैक्षणिक माहौल मजबूत होगा बल्कि टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं पैदा होंगी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की यूनिवर्सिटी के आने से स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा अपने ही शहर में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags