ग्रेटर नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 13 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाने की पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, स्नैच किए गए चार मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, 12 मई को थाना बीटा-2 पुलिस लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान चाई-4 स्थित एनपीसीएल ऑफिस के पास से तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अमित उर्फ नेत्रपाल, लाला उर्फ अभिषेक, और आदिल के रूप में हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त अमित उर्फ नेत्रपाल मूलरूप से रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के चक्रपुर कदीम गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के बिरोंडी गांव में रह रहा था। दूसरा आरोपी लाला उर्फ अभिषेक थाना बीटा-2 क्षेत्र के नवादा गांव का निवासी है, जबकि तीसरा आरोपी आदिल थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव का रहने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले इलाके में रेकी करते थे और उसके बाद सुनसान स्थानों या भीड़भाड़ वाले रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे। ये लोग चोरी की मोटरसाइकिल पर घूमते हुए अचानक मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी थी। थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
इसके अलावा, स्नैचिंग के चार मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनके खिलाफ मु.अ.सं. 172/2026 के तहत धारा 317(5), 345(3) बीएनएस तथा 4/25 आयुध अधिनियम में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

