ग्रेटर नोएडा : कूड़ा फेंकने और नाली की सफाई को लेकर हुए विवाद में हत्या, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
ग्रेटर नोएडा, 6 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शादी समारोह से लौट रहे एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे घर के बाहर कूड़ा फेंकने और नाली की सफाई को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद था। जानकारी के अनुसार, दिनांक 5/6 मई 2026 की रात ग्राम साकीपुर में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मृतक की पहचान साजन (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो देर रात एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे उसके पड़ोसी मंगेश ने उसे रास्ते में रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि साजन को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात थाना सूरजपुर पुलिस मोजरबियर गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार पुलिस को चकमा देकर रेलवे लाइन के किनारे बनी कच्ची सड़क की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश कार से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान मंगेश उर्फ टिल्लू (31 वर्ष), निवासी साकीपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, चार कारतूस (दो चलाए जा चुके थे) और एक आई-20 कार बरामद की गई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस

