ग्रेटर नोएडा बस हादसे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने जताया दुख
नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लगने की घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई है।
गृह मंत्री अमित शाह की ओर से गृह मंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से 'एक्स' पोस्ट में लिखा गया, "मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की।"
उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को संकट की इस घड़ी में संबल प्रदान करें एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में हुई दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद है। इस पीड़ादायक घटना से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीहरि जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, "ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने की हृदयविदारक घटना में यात्रियों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
--आईएएनएस
एसडी/डीएससी

