Samachar Nama
×

ग्रेटर नोएडा: 14वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरता दिखा विदेशी नागरिक, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा: 14वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरता दिखा विदेशी नागरिक, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
ग्रेटर नोएडा: 14वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरता दिखा विदेशी नागरिक, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-22डी स्थित एक रेजिडेंशियल हाईराइज सोसायटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक विदेशी नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर 14वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोसायटी के निवासियों में चिंता का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सोसायटी के कुछ निवासियों का दावा है कि संबंधित विदेशी नागरिक पुलिस और स्थानीय खुफिया इकाई के सत्यापन से बचने के लिए इस तरह का खतरनाक कदम उठा रहा था। हालांकि, पुलिस सत्यापन से बचने के इस दावे की अभी तक किसी भी सरकारी एजेंसी या पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह दावा केवल स्थानीय लोगों की ओर से किया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विदेशी युवक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंची इमारत की 14वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहा है।

इस दौरान उसकी एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। वीडियो देखने वाले लोग भी इस खतरनाक स्टंट को लेकर हैरानी जता रहे हैं। घटना के समय यदि संतुलन बिगड़ जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। घटना के बाद सोसायटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने एक बार फिर सोसायटी में रहने वाले विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों और वीजा की जांच कराने की मांग उठाई है।

एओए का कहना है कि सोसायटी में रहने वाले सभी विदेशी नागरिकों का पुलिस सत्यापन और दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की आशंका को समय रहते दूर किया जा सके। सोसायटी के कुछ निवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ विदेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद सोसायटी में रह रहे हैं। हालांकि, इस आरोप की भी अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस पूरे मामले पर दनकौर पुलिस का कहना है कि उन्हें फिलहाल इस वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि वीडियो और इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं, सोसायटी के निवासी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की नियमित जांच तथा पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विदेशी युवक ने 14वीं मंजिल से नीचे उतरने जैसा जानलेवा कदम किन परिस्थितियों में उठाया और उसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags