गोरखपुर हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग, अखिलेश यादव बोले- बिना सबूत आरोप लगा रहे मुख्यमंत्री
लखनऊ, 19 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर में पार्टी के रोड शो के दौरान जेसीबी से हुए बच्चे की मौत मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घटना का वीडियो साझा करते हुए बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगाना निंदनीय है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में घटना का वीडियो साझा करते हुए गुरुवार को लिखा कि ये वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है और एक बेहद निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण भी है।
इस वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां न कोई रोड शो है न रैली, जिस पर यूपी के मुख्यमंत्री दोष मढ़ रहे हैं। इस हादसे पर सियासत का खेल खेलने से मृतक के शोक संतप्त परिवारवालों के साथ भी अन्याय हो रहा है। इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच हो और सच को उजागर किया जाए।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं।
दरअसल, गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था। उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू की प्रायः है। यह माफिया सपा का सगा है और जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है।"
बता दें कि गोरखपुर में अखिलेश यादव के नेतृत्व में हो रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई। मृतक लड़के की पहचान आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। उसके पिता एक स्थानीय भाजपा नेता हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा सपा की 'रथ यात्रा' के दौरान कूड़ाघाट इलाके में हुआ। इस दुखद घटना ने राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान की गई व्यवस्थाओं और भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

