कंगना रनौत के बयान पर कांग्रेस नेता का तंज, 'भाजपा सांसद को अपने बारे में भी जानना चाहिए'
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता असलम शेख ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ा पलटवार किया है।
आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सांसद को अपने बारे में भी जानना चाहिए। बहुत ज्यादा पीछे जाने की जरूरत नहीं है। यह सामने आ जाएगा कि उनका बयान कितनी वैल्यू रखता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी टिकट देते समय व्यक्ति के बारे में जानकारी लेती है कि उसने किस तरह से काम किया है, कैसे सेवा की है। भाजपा को मैं शाबाशी दूंगा कि उन्होंने उनका पुराना वीडियो देखकर उन्हें प्रमोट करने का काम किया है। इनसे आप और क्या ही उम्मीद कर सकते हैं। इसी तरह के बयान आएंगे।
अहिल्यानगर एसिड अटैक की घटना पर कांग्रेस नेता असलम शेख ने कहा कि सरकार चलाने वालों की मानसिकता में महिलाओं के प्रति सम्मान नहीं दिखता। अगर इस तरह से युवतियों पर एसिड फेंका जा रहा है, तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए, और एक महीने के भीतर अदालत में उन पर मुकदमा चलाकर उन्हें मौत की सजा दी जानी चाहिए। महिलाओं और दलितों के साथ अत्याचार हो रहा है, सरकार महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। चुनाव के वक्त पैसे देकर वोट लेंगे, लेकिन महिलाएं भी उनका साथ जरूर छोड़ देंगी।
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने मीडिया से कहा है कि राहुल गांधी का व्यवहार अच्छा नहीं है। उनके आते ही महिला सांसद असहज महसूस करती हैं। राहुल किसी के साथ भी तू-तड़ाक करके बात करने लगते हैं। उनका सदन में बयान सही नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

