Samachar Nama
×

गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह की 'सत्यमेव जयते रैली', बोले- साजिश के तहत बदनाम किया गया

गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह की 'सत्यमेव जयते रैली', बोले- साजिश के तहत बदनाम किया गया
गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह की 'सत्यमेव जयते रैली', बोले- साजिश के तहत बदनाम किया गया

गोंडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत से बरी होने के बाद गुरुवार को गोंडा में आयोजित 'सत्यमेव जयते रैली' में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लगभग हर जिले से लोग रैली में पहुंचे और उनका समर्थन किया। इस दौरान उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को राजनीतिक साजिश करार देते हुए विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों पर निशाना साधा।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसी छवि में पेश किया गया, मानो उन्होंने कोई गंभीर अपराध किया हो, जबकि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप अलग प्रकृति के थे। उन्होंने कहा कि पदक जीतने वाली खिलाड़ियों को बधाई देते समय उन्हें स्पर्श करने को गलत मंशा से जोड़कर प्रचारित किया गया और ऐसा माहौल बनाया गया जैसे वह कोई बलात्कारी हों। इस पूरे मामले में विपक्षी दलों, विभिन्न संगठनों और कई प्रभावशाली लोगों ने मिलकर अभियान चलाया।

उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसे 42 लोगों, संगठनों और राजनीतिक दलों की सूची है, जिन्होंने उनके खिलाफ माहौल बनाने में भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उद्योगपतियों ने इस अभियान को आर्थिक सहयोग भी दिया। हालांकि इन सबके बावजूद अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। मेरे खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान मुझे जिंदा जला देने जैसी मांगें उठाई गईं।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि वर्तमान विपक्ष के पास न तो अपनी कोई स्पष्ट विचारधारा है और न ही खुद पर भरोसा है। विपक्ष हमेशा दूसरे आंदोलनों की आड़ लेकर राजनीति करता है। पिछले दस वर्षों में विपक्ष जंतर-मंतर पर अपने दम पर कोई बड़ा आंदोलन खड़ा नहीं कर पाया। कभी अन्ना हजारे के आंदोलन से जुड़ा, कभी यौन उत्पीड़न के मामलों में, कभी किसान आंदोलन में और अब बच्चों से जुड़े मुद्दों के सहारे राजनीति करने का प्रयास किया जा रहा है।

बृजभूषण शरण सिंह ने हालिया छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए उसे पवित्र आंदोलन बताया और कहा कि केंद्र सरकार ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने बच्चों के हितों को प्राथमिकता दी। धर्मेंद्र प्रधान की भी प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधान ने जिम्मेदारी का परिचय दिया और जैसा कहा गया, वैसा तुरंत निर्णय लिया। विपक्ष इसे अपनी राजनीतिक जीत के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है, जबकि यदि उसे सरकार को चुनौती देनी है तो अपने दम पर किसी मुद्दे पर आंदोलन करना चाहिए।

झारखंड में चल रहे आंदोलन का उल्लेख करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनिंदा मुद्दों पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं, जबकि अन्य राज्यों के आंदोलनों से दूरी बनाए रखते हैं।

गोंडा में आयोजित 'सत्यमेव जयते रैली' के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने अपने खिलाफ चले अभियान को राजनीतिक साजिश बताते हुए समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि अदालत से बरी होने के बाद जनता का समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story