गोंडा हत्याकांड पर सपा का हमला, बोली-अपराधियों को मिल रहा सत्ता का संरक्षण
लखनऊ, 12 सितंबर (आईएएनएस)। गोंडा हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार अत्याचार हो रहे हैं और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है।
आशुतोष वर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सपा लगातार यह आरोप लगाती रही है कि प्रदेश में टारगेटेड हत्याएं हो रही हैं। गोंडा में निषाद समुदाय से जुड़े विनोद साहनी की हत्या का मामला भी इसी तरह की चिंता को सामने लाता है। साहनी ने सरकार के खिलाफ कुछ लिखा था और इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।
वर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस की ओर से भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि गोंडा मामले में न्याय की मांग को लेकर राज्य सरकार के मंत्री संजय निषाद का विरोध-प्रदर्शन करना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सपा प्रवक्ता ने कहा कि यह विडंबना है कि पिछड़े समाज से आने वाले प्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री को अपने ही राज्य में न्याय की मांग के लिए धरना देना पड़ रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश में सामंती सोच के कायम रहने का उदाहरण बताया।
आशुतोष वर्मा ने कहा कि सरकार में शामिल होने के बावजूद यदि किसी मंत्री को अपने समाज के व्यक्ति के लिए न्याय मांगने सड़क पर उतरना पड़ रहा है, तो इससे शासन-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संजय निषाद पर निशाना साधते हुए वर्मा ने कहा कि उन्होंने सरकार के साथ रहते हुए पांच साल तक सत्ता का लाभ उठाया, लेकिन अब भी उन्हें अपने मंत्री पद या पार्टी से इस्तीफा देने की बात कहनी चाहिए। चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं और ऐसे समय में सत्ता के साथ बने रहने से किसी समुदाय का वास्तविक भला नहीं हो सकता।
आशुतोष वर्मा ने इस दौरान अंजली गौतम हत्याकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगरेप के बाद अंजली की हत्या हुई और एफआईआर दर्ज करने में भी लापरवाही बरती गई। उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
सपा प्रवक्ता ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रदेश की जनता बदलाव का इंतजार कर रही है। अखिलेश यादव की भाषा और राजनीतिक शैली की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी उनके नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
वर्मा ने आरक्षण, बेरोजगारी और सरकारी कार्रवाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जनता अब चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि पीडीए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक ही उत्तर प्रदेश का भविष्य है और सपा इसी सामाजिक गठजोड़ के आधार पर प्रदेश में सरकार बनाने की तैयारी कर रही है।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

