गोमती की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे संघ-सेवा भारती के कार्यकर्ता, छह दिन से राहत अभियान जारी
लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र की कई बस्तियों में बाढ़ के हालात के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और सेवा भारती के कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे हैं। स्वयंसेवकों की ओर से पिछले छह दिनों से लगातार राहत अभियान चलाया जा रहा है। जलभराव के कारण जिन बस्तियों तक पहुंचना मुश्किल है, वहां नावों के माध्यम से भोजन, पीने का पानी और रोजमर्रा की जरूरी सामग्री पहुंचाई जा रही है।
राहत अभियान के तहत अब तक हजारों परिवारों तक सहायता पहुंचाने का दावा किया गया है। पिछले छह दिनों में करीब 10 हजार भोजन पैकेट और 30 हजार पानी की बोतलों का वितरण किया गया है। अभियान के तहत सुबह और शाम भोजन तथा पेयजल वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को नमकीन, बिस्किट, लाई, चना, मच्छरबत्ती और माचिस जैसी जरूरी वस्तुएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बाढ़ के बीच उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
राहत कार्य में करीब 65 कार्यकर्ता प्रतिदिन दो पालियों में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। स्वयंसेवक नावों के सहारे जलभराव से घिरी बस्तियों तक पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रभावित लोगों तक भोजन, पानी और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं पहुंचाना है। फैजुल्लागंज क्षेत्र के दाऊद नगर, मामा कॉलोनी, यादव चौराहा और आसपास की अन्य प्रभावित बस्तियों में राहत सामग्री वितरित की जा रही है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत प्रभावित हिस्सों तक कार्यकर्ता पहुंच चुके हैं। करीब 40 हजार परिवारों के बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। इनमें से लगभग 25 हजार परिवारों के पलायन करने का दावा किया गया है, जबकि शेष करीब 15 हजार परिवारों तक नियमित राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने राहत अभियान का जायजा लिया। उनके साथ प्रांत सेवा प्रमुख देवेंद्र, सेवा भारती के कोषाध्यक्ष मंशाबक्श सिंह और लखनऊ के विभाग प्रचारक अनिल कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने राहत कार्य में लगे स्वयंसेवकों से बातचीत कर अभियान की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री वितरण की स्थिति देखी।
संघ और सेवा भारती के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित बस्तियों में लगातार राहत कार्य करने में जुटे हैं। उनका प्रयास है कि जलभराव के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवारों को संकट के इस दौर में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

