Samachar Nama
×

गोल्फ: फ्रांस में टॉप-10 के करीब पहुंचे सप्तक तलवार

गोल्फ: फ्रांस में टॉप-10 के करीब पहुंचे सप्तक तलवार
गोल्फ: फ्रांस में टॉप-10 के करीब पहुंचे सप्तक तलवार

प्लेनफ (फ्रांस), 28 जून (आईएएनएस)। भारत के सप्तक तलवार ने 'होटल प्लानर टूर' के 'ब्लॉट प्ले9' टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में 70 का स्कोर (ईवन पार) किया। इस राउंड में उन्होंने तीन बर्डी और तीन बोगी लगाईं। फिलहाल सप्तक टॉप-10 में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं। इस सीजन में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर रैंकिंग में टॉप पर चल रहे तलवार अब संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर हैं, जबकि अभी एक राउंड और शेष है।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में टॉप पर रहने वाले खिलाड़ी को अगले सीजन के लिए डीपी वर्ल्ड टूर में जगह मिलती है, जबकि होटल प्लानर टूर के टॉप-15 खिलाड़ी भी मुख्य टूर में जगह बनाते हैं। इसका मतलब है कि तलवार के पास आगे बढ़ने के दो रास्ते हैं। वे होटल प्लानर रैंकिंग (रोड टू मलोरका) में टॉप-20 में शामिल हैं।

तलवार अपना समय पीजीटीआई और होटल प्लानर टूर के बीच बांट रहे हैं। पार-70 कोर्स पर उनके पिछले राउंड 68 और 67 के थे और अब वे 54 होल्स के बाद 5-अंडर पर हैं।

फ्रांस में तीसरे दिन 66 (चार-अंडर पार) का स्कोर करने के बाद जॉन गफ 'ब्लॉट प्ले9' के फाइनल राउंड में अकेले बढ़त के साथ उतरेंगे।

इस इंग्लिश खिलाड़ी ने प्लेनफ में बिना किसी बोगी के 12-अंडर पार का स्कोर हासिल किया। वहीं, स्थानीय पसंदीदा मैक्सेंस गिबोडोट और स्पेन के जोसेबा टोरेस उनसे दो स्ट्रोक पीछे 10-अंडर पार पर हैं।

तीसरे राउंड की शुरुआत संयुक्त बढ़त के साथ करने वाले गफ अपने शुरुआती आठ होल्स में कोई फायदा नहीं उठा सके, जबकि उनके पीछे चल रहे खिलाड़ियों ने 'मूविंग डे' का पूरा फायदा उठाते हुए बढ़त बना ली।

गफ ने अभी तक होटल प्लानर टूर में अपनी पहली जीत हासिल नहीं की है, लेकिन 'ब्लॉट प्ले9' में उनका प्रदर्शन पहले भी अच्छा रहा है। पिछले साल ब्रिटनी में हुए टूर्नामेंट में वे चौथे स्थान पर रहे थे, जहां उन्होंने फाइनल राउंड में 63 का स्कोर किया था, जो उस सीजन में उनका संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

गिबोडोट ने अपने आखिरी तीन होल्स में से दो में बर्डी लगाईं और 63 (सात-अंडर पार) का स्कोर किया, जो इस हफ्ते का संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर था। इस बीच, टोरेस ने 65 के राउंड में चार बर्डी और एक ईगल लगाया, और सिर्फ एक शॉट गंवाया।

साउथ अफ्रीका के ब्राइस ईस्टन और स्पेन के पाब्लो एरेनो आठ अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। डेनमार्क के फ्रेडरिक केटट्रप और अमेरिका के चार्ल्स हंटजिंगर सात अंडर के स्कोर के साथ उनसे एक शॉट पीछे हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags