अमेरिका-ईरान में तनाव के बीच वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी की कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ीं
मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। अमेरिकी-ईरान के बीच जारी तनाव के कूटनीतिक समाधानों के संकेतों से दोनों कीमती धातुओं के दाम वैश्विक स्तर पर 2 प्रतिशत तक बढ़ गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुबह 10:39 पर कॉमेक्स पर सोने 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,789 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं, चांदी 1.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77 डॉलर प्रति औंस पर थी।
इससे पहले अमेरिका की ओर से स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज को ब्लॉक करने के फैसले के कारण सोने और चांदी की कीमतों में दो दिनों तक गिरावट देखने को मिली।
हालांकि, अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरानी अधिकारियों ने उनके प्रशासन से संपर्क किया है और समझौते पर बातचीत करने की इच्छा जताई है।
खबरों के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने संकेत दिया है कि तेहरान अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में शांति वार्ता जारी रखने के लिए तैयार है।
इससे कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है और दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए हैं।
ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 2.77 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 96.6 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ 95.69 डॉलर प्रति बैरल पर था।
भारतीय शेयर बाजार और कमोडिटी मार्केट डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर बंद है, हालांकि, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शाम के सत्र 5 बजे से रात 11:30 बजे तक सामान्य कारोबार हो होगा। वहीं, शेयर बाजार में सामान्य कारोबार बुधवार यानी 15 अप्रैल को होगा। इसके बाद अलगी छुट्टी 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर होगी।
हालांकि, वैश्विक बाजार खुले हुए हैं। टोक्यो, जकार्ता और सोल के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को एक प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ बंद हुए थे।
--आईएएनएस
एबीएस/

