सोने और चांदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट, करीब 1.20 प्रतिशत तक घटे दाम
मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। सोने और चांदी मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ खुले। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 1.20 प्रतिशत तक कम हो गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,46,917 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले हल्की गिरावट के साथ 1,46,566 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
शुरुआती कारोबार में ही इसमें गिरावट देखने को मिली। सुबह 9:52 पर यह 1,009 रुपए या 0.69 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,45,908 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
अब तक के कारोबार में सोने ने 1,45,767 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,46,566 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ है।
चांदी में गिरावट देखी जा रही है। चांदी का 4 सितंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,36,099 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 1,999 रुपए की गिरावट के साथ 2,34,100 रुपए प्रति किलो पर खुला।
शुरुआत कारोबार के बाद इसमें और बिकवाली देखने को मिली। यह 2,816 रुपए या 1.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,33,283 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,32,862 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,34,100 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है, जो कि इसका ओपनिंग लेवल भी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में बिकवाली देखने को मिल रही है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,141 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 61.41 डॉलर प्रति औंस पर था।
इसके अतिरिक्त, रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष (वित्त वर्ष 27) की अप्रैल-जून अवधि में गोल्ड लोन सबसे बड़ी सिक्योर एसेट क्लास बन गई है। इसने वाहन लोन को भी पीछे छोड़ दिया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जारी किए गए सभी सिक्योर लोन में से गोल्ड लोन की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 31 प्रतिशत हो गई है। वहीं, वाहन लोन की हिस्सेदारी कम होकर करीब 26 प्रतिशत हो गई है।
--आईएएनएस
एबीएस

