गोवा में भाजपा गठबंधन मजबूत, जनता के समर्थन से फिर बनेगी सरकार: रामदास आठवले
पोरवोरिम, 20 मई (आईएएनएस)। गोवा के पोरवोरिम में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने केंद्र सरकार की नीतियों से लेकर राज्य की राजनीति तक पर अपनी बात रखी। आठवले ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन मजबूत स्थिति में है और आने वाले समय में लगभग 30 सीटों के साथ जीत दर्ज कर सकता है। उनका कहना है कि गोवा में सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को जनता का समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने दिव्यांगजनों के कल्याण का भी जिक्र किया। रामदास आठवले ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है और भविष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए अलग से सरकारी स्कूल खोलने पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि अन्य जरूरी सुविधाएं भी दी जाएंगी ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने पर्यटन (टूरिज्म) को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि गोवा की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार टूरिज्म और व्यापार है, इसलिए इसे और बढ़ावा देना जरूरी है। अगर सही तरीके से विकास किया जाए तो गोवा में रोजगार और निवेश दोनों बढ़ सकते हैं।
आठवले ने देश की अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि 2014 के बाद भारत की वैश्विक रैंकिंग में सुधार हुआ है और देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों (पश्चिम एशिया में तनाव) और तेल-गैस की आपूर्ति पर असर के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को संभाल रखा है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अभी पूरी तरह से स्थिरता हासिल नहीं हुई है, इसलिए बचत और सावधानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश में ईंधन बचत और संसाधनों के सही उपयोग पर जोर दिया है। आठवले ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम की है, जिससे अन्य नेताओं को भी प्रेरणा मिली है। उनका कहना है कि यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अच्छा प्रयास है।
आठवले ने आगे कहा कि जनगणना का काम शुरू होना एक जरूरी कदम है, खासकर जाति-आधारित जनगणना, इसलिए महत्वपूर्ण है ताकि सरकार को अलग-अलग वर्गों की सही जनसंख्या का पता चल सके और उसी के आधार पर योजनाएं बनाई जा सकें।
उन्होंने महिलाओं, किसानों और छोटे उद्योगों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि इनसे लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। गोवा जैसे राज्य में अगर बड़े उद्योग भी आते हैं तो रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी

