Samachar Nama
×

गोवा दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन और चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

गोवा दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन और चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन
गोवा दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन और चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

नई दिल्‍ली, 26 अक्‍टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 और 28 अक्टूबर को गोवा के दो दिवसीय महत्वपूर्ण सांगठनिक प्रवास पर रहेंगे। इस प्रवास के दौरान वे प्रदेश के पार्टी नेतृत्व, निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों के साथ कई अहम बैठकों के साथ युवा संवाद भी करेंगे तथा पार्टी के आगामी अभियानों की रूपरेखा तय करेंगे।

आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह सांगठनिक प्रवास अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नितिन नवीन 27 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे गोवा पहुंचेंगे। वे अपराह्न 03:50 बजे 'अटल भवन' में गोवा प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति बैठक को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात वे गोवा के सभी पार्टी सांसदों, विधायकों एवं मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके पश्चात वे गोवा प्रदेश भाजपा की कोर कमिटी अहम बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दूसरे दिन, 28 अक्टूबर, बुधवार को प्रातः पणजी स्थित 'श्री महालक्ष्मी मंदिर' में पूजा-अर्चना करेंगे। दर्शन के बाद वे सुबह 9:45 बजे प्रदेश कार्यालय 'अटल भवन' पहुंचेंगे और वहां आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में युवाओं के साथ संवाद करेंगे।

इससे पहले सोमवार यानी 26 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आबू रोड स्थित ब्रह्मकुमारीज के शांतिवन में आयोजित 'ग्लोबल समिट 2026' में हिस्सा लिया था। यह आयोजन संस्था की 90 वर्षों की आध्यात्मिक और सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में किया गया था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ब्रह्माकुमारीज को संबोधित करते हुए कहा, "आपने जो 'नशा-मुक्त भारत' अभियान शुरू किया है, उसे हमारी सरकार पूरा समर्थन देगी। प्रधानमंत्री का यह ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि वे जो भी संकल्प लेते हैं, उसे सफलतापूर्वक पूरा करते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए नशा-विरोधी अभियान के संबंध में हमारे केंद्रीय गृह मंत्री ने भी संकल्प लिया है कि हम पूरी लगन और दृढ़ संकल्प के साथ 2029 तक भारत को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे। यदि हमारे युवाओं और हमारे राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ना है तो यह बहुत जरूरी है कि हम सब मिलकर इस नशा-विरोधी अभियान को सफल बनाएं। जो युवा खुद को नशे की लत से मुक्त करता है, वह न केवल अपनी जान बचाता है, बल्कि अपने परिवार की उम्मीदों और देश की ताकत की भी रक्षा करता है।"

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story