गोवा क्राइम ब्रांच ने 31.794 ग्राम संदिग्ध कोकीन जब्त की, नाइजीरियाई नागरिक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पणजी, 9 फरवरी (आईएएनएस)। गोवा क्राइम ब्रांच ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.794 ग्राम संदिग्ध कोकीन जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाइजीरियाई नागरिक शामिल है। पुलिस ने इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 89 हजार 700 रुपए बताई है।
क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन क्राइम नंबर 07/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21 (बी), 25 आर/डब्ल्यू 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इंस्पेक्टर महेश गाडेकर द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर 6 फरवरी 2026 को दोपहर 1.10 से 4.10 बजे के बीच पिलरने मारा, बार्देज इलाके में गौतम होटल रोड पर गोवा पैराडाइज कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क पर बिजली खंभा नंबर एलटी062479/5 के पास नारकोटिक्स रेड की गई।
इस दौरान आरोपी ओमोरीगो फ्राइडे (उम्र 42 वर्ष, नाइजीरियाई नागरिक) को पकड़ा गया। उसके पास से सफेद रंग का क्रिस्टल पाउडर बरामद हुआ, जिसकी जांच में कोकीन होने का संदेह है। कुल 31.794 ग्राम ड्रग्स जब्त की गई। साथ ही एक यामाहा फैसिनो स्कूटर (नंबर जीए-03-एयू-6318) भी बरामद कर तलाशी और जब्ती पंचनामे के तहत कब्जे में लिया गया।
6 फरवरी 2026 को दोपहर 11.20 बजे ओमोरीगो फ्राइडे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में पुलिस हिरासत में है। जांच के दौरान आगे की पूछताछ में सुधीर पुत्र गुरुदास पालेइंकर (उम्र 42 वर्ष, निवासी मकान नंबर 77, बैरोसवाडा, सांगोल्डा, नॉर्थ गोवा-403511) का नाम सामने आया। उसे 8 फरवरी 2026 को शाम 6.50 बजे गिरफ्तार किया गया और वह भी पुलिस हिरासत में है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, यह ड्रग्स तस्करी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा मामला हो सकता है। गोवा में पर्यटन स्थलों के आसपास विदेशी नागरिकों के माध्यम से कोकीन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी बढ़ी है, जिसके खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जब्त की गई कोकीन की मात्रा और उसकी बाजार मूल्य को देखते हुए, यह गोवा के हाल के वर्षों में सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
आगे की जांच क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर महेश गाडेकर कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क, ड्रग्स की आपूर्ति श्रृंखला, अन्य संदिग्ध व्यक्तियों और तस्करी के रूट्स की गहन पड़ताल की जा रही है। एसपी क्राइम राहुल गुप्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि गोवा को ड्रग्स-मुक्त बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
--आईएएनएस
एससीएच

