जीएमसीएच भर्ती 2026: 17 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए आवेदन जारी, 6 मई तक भरें अप्लाई
चंडीगढ़, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच-चंडीगढ़) ने 17 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 मई तय की गई है। वहीं, दस्तावेजों सहित आवेदन पत्र की हार्डकॉपी जमा करने की लास्ट डेट 11 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
जीएमसीएच-चंडीगढ़ ने जिन 17 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें असिस्टेंट प्रोफेसर (एनेस्थिसियोलॉजी), असिस्टेंट प्रोफेसर (कम्युनिटी मेडिसिन), असिस्टेंट प्रोफेसर (डर्मेटोलॉजी), असिस्टेंट प्रोफेसर (फोरेंसिक मेडिसिन), असिस्टेंट प्रोफेसर (जनरल मेडिसिन), असिस्टेंट प्रोफेसर (नवजात शिशु विज्ञान), असिस्टेंट प्रोफेसर (पैथोलॉजी), असिस्टेंट प्रोफेसर (फार्माकोलॉजी), असिस्टेंट प्रोफेसर (फिजियोलॉजी), और असिस्टेंट प्रोफेसर (टीबीआरडी) के 1-1; असिस्टेंट प्रोफेसर (एनाटॉमी) और असिस्टेंट प्रोफेसर (रेडियोडायग्नोसिस) के 2-2; और असिस्टेंट प्रोफेसर (जनरल सर्जरी) के 3 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार एमबीबीएस डिग्री, पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री एमडी/एमएस/डीएनबी/डीएम में होनी चाहिए। इसके साथ ही, कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएमसीएच-चंडीगढ़ की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद एप्लीकेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
इसी के साथ ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्तियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी 11 मई तक सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'निदेशक प्रधान, कमरा संख्या 228, डायरी एवं प्रेषण अनुभाग, स्तर-II, ब्लॉक-डी, अस्पताल भवन, सेक्टर-32/बी, चंडीगढ़-160030' पर डाक करना होगा।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

