दिव्येंदु, पुलकित सम्राट और सुविंदर स्टारर 'ग्लोरी' की रिलीज डेट आई सामने, बॉक्सिंग की दिखेगी क्रूर दुनिया
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स अपनी पहली स्पोर्ट्स थ्रिलर सीरीज ‘ग्लोरी’ लेकर आ रहा है। दिव्येंदु, पुलकित सम्राट और सुविंदर स्टारर सीरीज के मेकर्स ने रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी है।
डायरेक्टर करण अंशुमन की यह सीरीज बदले, गुस्से, महत्वाकांक्षा और आजादी की दमदार कहानी लेकर आ रही है, जो बॉक्सिंग की क्रूर दुनिया की पृष्ठभूमि पर आधारित है और 1 मई को रिलीज होगी।
सीरीज हरियाणा की पृष्ठभूमि में बनी है और एक उभरते ओलंपिक बॉक्सर निहाल सिंह की रहस्यमयी मौत से शुरू होती है और जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, महत्वाकांक्षा गुस्से में बदल जाती है और बदला लेने की भावना हावी होती दिखती है।
मेकर्स के अनुसार, ‘ग्लोरी’ रिश्तों, सत्ता, धोखे और परिवार की उलझनों को सामने लाते हुए एक रोमांचक सफर प्रस्तुत करती है। सीरीज में मजबूत कलाकारों की टोली है।
देवेंद्र सिंह का किरदार निभा रहे दिव्येंदु ने अपने रोल के बारे में बात करते हुए कहा, “इस सीरीज में जो चीज सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह है बॉक्सिंग की असली दुनिया। यहां शोहरत गर्व से नहीं, बल्कि गुस्से और निजी भावनाओं से मिलती है। मेरा किरदार सख्त, आवेगपूर्ण और भावनाओं को छिपाने वाला नहीं है। उसके अंदर बहुत दर्द है, लेकिन साथ ही संयम भी है। करण अंशुमन के साथ दूसरी बार काम करना बहुत खास अनुभव रहा।”
पुलकित सम्राट रवि का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “रवि बाहर से शांत दिखता है, लेकिन अंदर से आग की तरह है। महानता का मतलब है बार-बार मैदान में उतरना, चाहे दर्द हो या मुश्किलें।”
सुविंदर विक्की कोच रघुबीर सिंह का रोल कर रहे हैं। उन्होंने बताया, “रघुबीर सिर्फ कोच नहीं, बल्कि अनुशासन और त्याग का प्रतीक है। उसकी खामोशी में एक खास सत्ता है। उसके लिए बॉक्सिंग सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जुनून और जीवन जीने का तरीका है।”
सीरीज में जन्नत जुबैर, आशुतोष राणा, सिकंदर खेर, कुणाल ठाकुर, सयानी गुप्ता, यशपाल शर्मा और कश्मीरा परदेशी भी शामिल हैं। ‘ग्लोरी’ को करण अंशुमन और कर्मण्य आहूजा ने रचा है। इसका निर्देशन करण अंशुमन और कनिष्क वर्मा ने किया है। सीरीज को ‘एटॉमिक फिल्म्स’ बैनर तले मोहित शाह और अंशुमन ने प्रोड्यूस किया है।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम

