बालिका वधु का ससुराल में रहने से इनकार, पति समेत परिवार पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से बाल विवाह का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल की नाबालिग लड़की की शादी 25 साल के आदमी से कर दी गई है। शादी के बाद नाबालिग को उसके पति और ससुराल के अन्य लोगों द्वारा काफी परेशान किया जाने लगा। इसके बाद युवती ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और लड़की के परिजनों व उसके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
घटना अहिल्यानगर जिले के छत्रपति संभाजीनगर के शेवगांव की है। इस मामले की जांच कर रहे चिकलथाना थाने के प्रभारी रविकिरण दरवड़े ने बताया कि यह शादी इसी साल एक जनवरी को शेवगांव में हुई थी। रविकिरण दरवड़े ने आगे बताया कि गुरुवार को एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की पुलिस के पास आई। लड़की ने देवलाई क्षेत्र स्थित अपने वैवाहिक घर में रहने से इनकार कर दिया। लड़की ने इस संबंध में 4 मार्च को पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने राज्य सामाजिक न्याय विभाग की बाल कल्याण समिति की मदद से नाबालिग का बयान दर्ज किया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं। उसके दादा-दादी ने उसकी शादी एक 25 वर्षीय व्यक्ति से करा दी है। लेकिन, वह अपने पति के घर पर नहीं रहना चाहती। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके परिवार के खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत और नाबालिग के पति के खिलाफ यौन अपराध के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि यह शादी शेवगांव में हुई थी, इसलिए यह मामला शेवगांव पुलिस को सौंप दिया गया है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ठाणे जिले से भी बाल विवाह और बलात्कार का मामला सामने आया था। यहां एक नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर 5 लोगों पर शादी करने और उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया था और एफआईआर दर्ज कराई थी।