गिरिराज सिंह का सपा-कांग्रेस पर निशाना, बोले-यूपी में पीडीए ही अखिलेश को हराएगा
बेगूसराय, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान, रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने को लेकर उठे विवाद और राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेताओं में अकेले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सामना करने की ताकत नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव को मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के मुद्दे पर भी चुनौती दी।
यूपी में सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच जारी खींचतान पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। अखिलेश यादव और राहुल गांधी अकेले मोदी और योगी का मुकाबला नहीं कर सकते, इसलिए दोनों के बीच इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां चलती रहेंगी। पीएम मोदी और सीएम योगी के भय के कारण अखिलेश यादव, आजम खान के यहां गए और राहुल गांधी भी उनसे आगे बढ़कर नमाज पढ़ने पहुंच सकते हैं।
गिरिराज सिंह ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या वह मथुरा में भव्य मंदिर बनाने के लिए साथ चलेंगे? उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ और भाजपा इस दिशा में अपनी बात रख चुके हैं। अब अखिलेश यादव को भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने पीडीए की राजनीति को लेकर भी सपा और कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब अखिलेश यादव सत्ता में थे, तब उन्होंने पीडीए के लिए क्या किया? अपने कार्यकाल में पीडीए के नाम पर लोगों को घर, नल से जल, शौचालय, गैस चूल्हा और बिजली जैसी सुविधाएं नहीं दी गईं। उन्होंने दावा किया कि ये सुविधाएं मोदी और योगी सरकार के शासन में लोगों तक पहुंचीं। उन्होंने पांच किलो अनाज और पांच लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा का भी उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव को पीडीए की याद नहीं आई और उस दौरान परिवारवाद की राजनीति चलती रही। अब चुनाव में वोट हासिल करने के लिए पीडीए की बात की जा रही है। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पीडीए ही सपा को हराएगा।
राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने विदेशों में जाकर भारत की छवि खराब की और संवैधानिक संस्थाओं व देश के लोकतंत्र को बदनाम किया। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से कांग्रेस उन्हें स्वीकार नहीं कर पा रही है। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने मोदी के पिछड़े वर्ग से आने और चाय बेचने वाले परिवार से होने का भी उल्लेख किया।
गिरिराज सिंह ने मणिशंकर अय्यर के पाकिस्तान से मदद मांगने संबंधी पुराने प्रसंग का जिक्र किया और कहा कि यह बात रिकॉर्ड में मौजूद है। इसके बाद राहुल गांधी ने खुद मोर्चा संभाला और अब देश के भीतर लोकतंत्र विरोधी ताकतों को लाकर संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ बातें कराई जा रही हैं। उन्होंने इसे केवल पीएम मोदी का विरोध नहीं, बल्कि भारतीय संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ बताया। 'दिमागी नक्सल' कहे जाने संबंधी टिप्पणी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर और भी सवाल उठते हैं।
रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने को लेकर हुए विवाद पर गिरिराज सिंह ने कहा कि छठ साल में एक बार मनाया जाता है, जबकि नमाज दिन में पांच बार पढ़ी जाती है। उन्होंने टिप्पणी की कि यदि स्टेशन पर नमाज पढ़ने को लेकर कोई तय व्यवस्था हो सकती है तो छठ के अवसर पर गीत बजाने पर आपत्ति क्यों की जा रही है? उन्होंने सवाल उठाया कि भारत की संस्कृति और हिंदुओं के त्योहारों पर टिप्पणी करने की जरूरत क्या है। गिरिराज सिंह ने कहा कि छठ गीतों को लेकर विरोध और आपत्ति का रवैया उचित नहीं है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी

