भाजपा ने घोषणापत्र के संदर्भ में तैयार कर लिया मसौदा : तमिलिसै सौंदरराजन
चेन्नई, 19 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता तमिलिसै सौंदरराजन ने गुरुवार को बताया कि हमने आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में घोषणापत्र का मसौदा तैयार कर लिया है।
उन्होंने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज इस संबंध में बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। इस बैठक में यह तय कर लिया जाएगा कि हमारा घोषणापत्र कैसा होने जा रहा है और इसमें किन किन बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। इन सभी बिंदुओं पर इस बैठक में चर्चा की जाएगी। हमारी कोशिश रहेगी कि यह बैठक सार्थक साबित हो और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाए।
उन्होंने कहा कि हम इस मसौदे को गुरुवार शाम तक किसी भी हाल में तैयार कर लेंगे। इसके बाद हमने इस संबंध में अपने शीर्ष नेतृत्व को सूचित करेंगे, जिसके बाद हमारा शीर्ष नेतृत्व इसे जारी करेगा।
इसके अलावा, उन्होंने समता और धर्मनिरपेक्षता को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार समता और धर्मनिरपेक्षता को आत्मसात करने की दिशा में काम करती है। हमने इस दिशा में अभी तक किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की है। हमने यह सनिश्चित किया है कि समाज में धरातल पर समता को उतारा जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोगों को शुभकामनाएं देते हैं। यह दुर्भाग्य की बात है कि हमारे मुख्यमंत्री स्टालिन लोगों को उनके त्योहारों पर बधाई देना जरूरी नहीं समझते हैं। यह प्रदेश सरकार सिर्फ अल्पसंख्यकों का ही ख्याल रखती है, जबकि बहुसंख्यकों के हितों पर कुठाराघात करती है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा, हमें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि यह कोई धर्मनिरपेक्षता नहीं है। धर्मनिरेपक्षता का मतलब होता है कि सभी धर्मों से जुड़े लोगों के साथ समान व्यवहार करना।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एचडी देवगौड़ा के संदर्भ में बयान दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तमिलिसै सौंदरराजन ने कहा कि उन्होंने खुद अपने बयान में इस बात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस से मोहब्बत थी लेकिन उन्होंने एनडीए से शादी कर ली। आज की तारीख में यह स्थिति बनी हुई है कि कांग्रेस एक विफल पार्टी का तमगा हासिल कर चुकी है। यह आज की तारीख में विफल पार्टी है। इस पार्टी के लिए काम करने वाले लोगों के पास आशा नहीं है। जो लोग इस पार्टी से लंबे समय से जुड़ हुए हैं, वो भी अब दूसरी पार्टी में अपने लिए अवसर तलाश रहे हैं।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी एक विफल नेता हैं, जो अपनी पार्टी के लोगों को नई आशा देने में पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। इतना ही नहीं, वो नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी पार्टी के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं।
--आईएएनएस
पीएम

