गाजीपुर में पीएम आवास योजना के तहत 177 लाभार्थियों को मिली सहायता राशि
गाजीपुर, 16 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत 177 लाभार्थियों को एक लाख रुपए की सहायता राशि उनके बैंक खाते में पहुंची।
गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में 177 लाभार्थियों को पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया है।
पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से जुड़े लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को इस योजना के लाभ पाने पर शुभकामनाएं दीं।
गाजीपुर में 177 लाभार्थियों को इस योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में एक लाख रुपए की सहायता राशि उनके खाते में भेजी गई है।
गाजीपुर के जिला पंचायत हाल में आयोजित कार्यक्रम में सभी लाभार्थियों को पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत प्रमाण पत्र भी सौंपा गया है। प्रमाण पत्र पाने के बाद सभी लाभार्थी काफी खुश नजर आए और उन्होंने बताया कि पहले इन लोगों का मकान मड़ई, टिन शेड या फिर कच्चा था, जिसकी वजह से बारिश के दिनों में इन लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अब उनके खाते में इस योजना का पैसा आ गया है और अब ये लोग अपना मकान बनवाएंगे। साथ ही, उन लोगों ने यह भी बताया कि अभी बारिश आने में काफी देर है और इस बार उम्मीद है कि बारिश से पहले उनका मकान बन जाएगा और इस बार बारिश में उन लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने बताया कि आज हमारे जनपद में डीबीटी के माध्यम से 177 लाभार्थियों के बैंक खाते में सीधे एक लाख रुपए की सहायता राशि दी गई है। मैं सभी लाभार्थियों से कहना चाहती हूं कि पीएम आवास योजना के अलावा कई योजनाएं हैं, जिनके साथ जुड़ें और लाभ उठाएं।
लाभार्थी मनोरमा ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत बैंक खाते में सहायता राशि मिली है। उन्होंने बताया कि कच्चे मकान में जीवन यापन करने में काफी कष्ट होता था। अब सरकार की सहायता राशि मिलने से पक्का मकान बनाने में काफी मदद मिलेगी। पीएम मोदी और सीएम योगी को धन्यवाद देते हैं।
लाभार्थी रिंकी ने बताया कि पहले घर की बनावट ठीक नहीं थी। बरसात के दिनों में पानी घर में भर जाता था। पैसों की तंगी के चलते मकान को ठीक नहीं करा पाते थे, लेकिन अब पीएम मोदी की आवास योजना से जो राशि मिली है, उससे घर को ठीक कराएंगे और पक्के मकान में परिवार के साथ रहेंगे। मैं पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करना चाहती हूं।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

