गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
गाजियाबाद, 9 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद कमिश्नरेट की मुरादनगर थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान छिनैती और चोरी की वारदातों में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो बदमाश दिल्ली-मेरठ मार्ग और गंगनहर पटरी पर लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद मुरादनगर थाना टीम ने डम्पिंग ग्राउंड रेलवे पुल के नीचे गंगनहर पटरी के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दिया। इसी दौरान चित्तौड़ा नहर पुल की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान राहुल उर्फ रितिक निवासी जाफराबाद दिल्ली के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी का नाम विनय निवासी उस्मानपुर दिल्ली बताया गया है। पुलिस ने राहुल के पास से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया। विनय के कब्जे से एक अवैध चाकू, 9 चोरी के मोबाइल और एक चोरी की मोटरसाइकिल मिली है।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाश दिल्ली, गाजियाबाद, साहिबाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में छिनैती करते थे। चोरी और छिनैती के मोबाइल दिल्ली में बेचकर मौज-मस्ती करते थे। बदमाश राहुल पर दिल्ली, मेरठ, अलीगढ़ और गाजियाबाद में चोरी व लूट के 16 और विनय पर चार मामले दर्ज हैं।
बता दें कि शालीमार गार्डन में पुलिस ने 8 मई को दो कुख्यात स्नैचरों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया था, जबकि उसके साथी को भागते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी

