Samachar Nama
×

गाजियाबाद में कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, आठ फायर टेंडरों ने पाया काबू

गाजियाबाद में कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, आठ फायर टेंडरों ने पाया काबू
गाजियाबाद में कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, आठ फायर टेंडरों ने पाया काबू

गाजियाबाद, 21 सितंबर (आईएएनएस)। बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर कूलर के कूलिंग पैड बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने फैक्ट्री परिसर का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही गाजियाबाद अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, सोमवार 21 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे कोतवाली फायर स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट नंबर एफ-21 पर संचालित शांति एंटरप्राइजेज में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन, कमिश्नरेट गाजियाबाद से चार फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि करीब 500 वर्ग मीटर के भूखंड पर केवल भूतल में अस्थायी टीन शेड से निर्मित भवन में कूलर के कूलिंग पैड बनाने का काम होता था। आग फैक्ट्री के लगभग संपूर्ण हिस्से में फैल चुकी थी, जिससे आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके से तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को स्थिति की जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से दो वाटर ब्राउजर तथा साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर अतिरिक्त रूप से घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। इस तरह आग बुझाने के अभियान में कुल आठ फायर टेंडरों को लगाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान को संचालित कराया। दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेरते हुए अलग-अलग दिशाओं से होज पाइप की लाइनें बिछाईं और लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद जले हुए सामान और अन्य हिस्सों में दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग का कार्य लगातार जारी रखा गया। दमकल कर्मी घटनास्थल पर मौजूद रहकर प्रभावित हिस्सों को ठंडा करने और किसी भी संभावित दोबारा आग लगने की स्थिति को रोकने में जुटे रहे।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है। आग से फैक्ट्री में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका भी तत्काल आकलन नहीं हो पाया है। विभाग की ओर से आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किए जाने की प्रक्रिया जारी है। अग्निशमन एवं बचाव अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने दमकल विभाग की टीम को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया और घटनास्थल पर व्यवस्था बनाए रखी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके

Share this story

Tags