Samachar Nama
×

गाजियाबाद के मोदीनगर में रास्ते से गुजरने पर दो पक्षों में मारपीट, दो लोग हुए घायल, तीन पुलिस हिरासत में

गाजियाबाद के मोदीनगर में रास्ते से गुजरने पर दो पक्षों में मारपीट, दो लोग हुए घायल, तीन पुलिस हिरासत में
गाजियाबाद के मोदीनगर में रास्ते से गुजरने पर दो पक्षों में मारपीट, दो लोग हुए घायल, तीन पुलिस हिरासत में

गाजियाबाद, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गाजियाबाद के मोदीनगर से मारपीट का मामला सामने आया है। मंगल विहार कॉलोनी में रास्ते से निकलने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें एक पक्ष के पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि डायल 112 के जरिए थाना मोदीनगर को सूचना प्राप्त हुई कि चौकी मोदीपोन क्षेत्र स्थित मंगल विहार कॉलोनी में दो पक्षों में झगड़ा हो रहा है। इस सूचना पर तत्काल थाना मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई है।

पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मोदीनगर पुलिस की ओर से मौके पर पहुंचकर जानकारी की गई तो ज्ञात हुआ कि दो पक्षों के बीच रास्ते से निकलने को लेकर आपस में कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ, जिसमें वादी पक्ष और उनके पुत्र निखिल को आंशिक चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वादी पक्ष से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अभियुक्त पक्ष से तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था पूर्णतः कायम है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

इससे पहले, शुक्रवार को साहिबाबाद थाना क्षेत्र में प्लॉट के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मोहननगर चौकी क्षेत्र में हुए इस विवाद के दौरान गोली चलने से एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लड़ाई-झगड़े और गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि भूपेंद्र चौधरी और नमिता शर्मा के एक ही स्थान पर प्लॉट हैं, जिन्हें लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के चलते शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया। इस दौरान आयुष नाम के युवक को गोली लग गई। आयुष दिल्ली के गोकलपुरी स्थित संजय कॉलोनी का रहने वाला था।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags