गाजियाबाद: भूसे से भरे ट्रैक्टर में लगी आग, घर और दुकान तक पहुंची लपटें
गाजियाबाद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी के गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब एनडीआरएफ रोड स्थित गांव सदरपुर में अखाड़े के पास खड़े भूसे से भरे ट्रैक्टर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास में बने मकान व उससे सटी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
फायर विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना फायर विभाग को शाम करीब 7:04 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर, वाटर ब्राउजर और कविनगर से अतिरिक्त फायर यूनिट को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची फायर टीम ने पाया कि भूसे से लदा ट्रैक्टर मकान की ओर झुका हुआ था, जिससे आग तेजी से घर में फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना देर किए दो हौज पाइप बिछाकर पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान तेज कर दिया। आग की लपटों ने बगल की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहां दो खाली और एक भरा हुआ गैस सिलेंडर रखा हुआ था। फायर टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सभी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित बड़ा विस्फोट टल गया।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर सर्विस ने ट्रैक्टर, मकान और दुकान में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान मौके पर मकान मालिक युद्धवीर सिंह और दुकान मालिक आशीष गोयल मौजूद रहे, जबकि ट्रैक्टर मालिक घटनास्थल पर मौजूद नहीं मिला।
समय रहते फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
पीएसके

