Samachar Nama
×

गाजियाबाद : अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी भीषण आग, 14 वे फ्लोर पर था फ्लैट, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

गाजियाबाद, 23 फरवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद के कौशांबी स्थित गोवर्धन अपार्टमेंट में सोमवार को एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना दिनांक 23 फरवरी 2026 की है, जब सुबह करीब 11:15 बजे फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि गोवर्धन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1404 में आग लगी हुई है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग तत्काल हरकत में आ गया। फायर स्टेशन वैशाली से मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अधिकारी वैशाली और दो फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। टीम के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग 14वें तल पर स्थित फ्लैट में लगी थी और तेजी से फैल चुकी थी। ऊंची इमारत होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन फायर सर्विस यूनिट ने बिना समय गंवाए नीचे से ऊपर तक हौज पाइप फैलाकर पंपिंग शुरू कर दी और आग बुझाने का अभियान तेज कर दिया। बताया जा रहा है कि आग पूरे फ्लैट में फैल चुकी थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी।

फ्लैट के अंदर दो एलपीजी सिलेंडर भी मौजूद थे, जिससे विस्फोट का खतरा बना हुआ था। हालांकि, अग्निशमन कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए दोनों सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। आग बुझाने में भवन में लगे फायर सिस्टम की भी मदद ली गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर यूनिट ने आग पर काबू पा लिया।

अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया, जिससे अन्य घर सुरक्षित बच गए। हालांकि, आग में फ्लैट के अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय पर सूचना और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags