Samachar Nama
×

मुंबई: घाटकोपर की इमारत में भीषण आग, एक घायल, घंटों की मशक्कत के बाद काबू

मुंबई: घाटकोपर की इमारत में भीषण आग, एक घायल, घंटों की मशक्कत के बाद काबू
मुंबई: घाटकोपर की इमारत में भीषण आग, एक घायल, घंटों की मशक्कत के बाद काबू

मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के घाटकोपर (पूर्व) इलाके में गुरुवार रात एक ऊंची आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना वल्लभ बाग लेन, पंतनगर, घाटकोपर (पूर्व) स्थित रॉयल अल्टेजा नामक आवासीय इमारत में हुई।

बीएमसी के अनुसार, आग की सूचना रात 8:08 बजे मिली। कॉलर से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर कई मंजिलों वाली इस ऊंची आवासीय इमारत की ऊपरी मंजिल पर आग लगी है। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में रात 8:30 बजे इसे लेवल-1 की आग घोषित किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसे लेवल-2 फायर कॉल में बदल दिया गया।

आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बीएमसी के एमएफबी के साथ-साथ पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, पीडब्ल्यूडी और बीएमसी के वार्ड स्टाफ को भी तैनात किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की।

बीएमसी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के अनुसार, काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है। इसके अलावा दम घुटने से प्रभावित दो बच्चों को जिनोवा अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी आनी बाकी है।

आग लगने के बाद इमारत को तुरंत खाली करा लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने यह पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया कि कहीं कोई व्यक्ति इमारत के अंदर फंसा तो नहीं है। एहतियात के तौर पर इमारत की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई की महापौर रितु तावड़े तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वहां चल रहे बचाव एवं राहत कार्यों का मुआयना किया और विभिन्न संबंधित एजेंसियों के बीच सीधा समन्वय स्थापित किया। महापौर ने रहवासियों के साथ आगजनी पर चर्चा की और प्रशासन के लोगों से मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ली।

इस दौरान स्थानीय विधायक पराग शाह, स्थानीय नगरसेवक सुरेश आवले और नगरसेवक धर्मेश गिरी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। सभी ने राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags