Samachar Nama
×

घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी मामले में सीबीआई की कार्रवाई, बिल्डर कंपनी सहित अन्य के खिलाफ 20वीं चार्जशीट दाखिल

घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी मामले में सीबीआई की कार्रवाई, बिल्डर कंपनी सहित अन्य के खिलाफ 20वीं चार्जशीट दाखिल
घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी मामले में सीबीआई की कार्रवाई, बिल्डर कंपनी सहित अन्य के खिलाफ 20वीं चार्जशीट दाखिल

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में बिल्डर कंपनी, उसके प्रमोटरों/निदेशकों और बैंक अधिकारियों के खिलाफ 20वीं चार्जशीट दाखिल की है।

इसको लेकर जानकारी देते हुए सीबीआई ने गुरुवार को बताया कि घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक और अहम घटनाक्रम के तहत केंद्रीय जांच एजेंसी ने अजमारा इंडिया लिमिटेड और उसके प्रमोटरों/निदेशकों के साथ-साथ आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड और सम्मान कैपिटल लिमिटेड के 15 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

यह मामला नोएडा, यूपी के सेक्टर-118, प्लॉट नंबर जीएच-1 पर स्थित 'अजमारा एम्ब्रोसिया' हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी की गतिविधियों से संबंधित है। ये चार्जशीट राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, नई दिल्ली में विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) के समक्ष दाखिल की गई हैं।

सीबीआई की जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके प्रमोटरों/निदेशकों ने कथित तौर पर झूठे वादों और धोखाधड़ी वाली बातों से घर खरीदारों/निवेशकों को लुभाया और गैर-कानूनी व धोखेपूर्ण तरीकों से आर्थिक लाभ उठाया।

जांच में ठोस सबूत मिले हैं, और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है। ये धाराएं आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित हैं।

सीबीआई अभी देश भर की विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ 34 अन्य मामलों की जांच कर रही है। ये मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर दर्ज किए गए हैं और इनमें घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी और फंड के गलत इस्तेमाल (डायवर्जन) के आरोप शामिल हैं।

सीबीआई ने इससे पहले रुद्रा बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, नाइनक्स डेवलपर्स लिमिटेड, डिसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड, रुद्रा बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलपी, साहा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, एमकेएचएस हाउसिंग एलएलपी, ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और अर्थकॉन यूनिवर्सल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ-साथ कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के खिलाफ 19 चार्जशीट दाखिल की थीं।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story

Tags