घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी मामले में सीबीआई का एक्शन, बिल्डर कंपनी और अन्य के खिलाफ 19वीं चार्जशीट दाखिल
नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदारों के साथ हुई धोखाधड़ी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टर्स/अधिकारियों के खिलाफ 19वीं चार्जशीट दाखिल की।
दरअसल, घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक और अहम घटनाक्रम के तहत सीबीआई ने अर्थकॉन यूनिवर्सल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। यह मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1, प्लॉट नंबर जीएच-10 में स्थित 'कासा रॉयल' हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी की गतिविधियों से संबंधित है। ये चार्जशीट राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, नई दिल्ली में स्पेशल जज (सीबीआई) के सामने दाखिल की गई हैं।
सीबीआई की जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टरों ने कथित तौर पर झूठे वादों और धोखाधड़ी वाली बातों से घर खरीदारों/निवेशकों को बहलाया-फुसलाया और गैर-कानूनी व धोखेपूर्ण तरीकों से आर्थिक लाभ उठाया। जांच में ठोस सबूत मिले हैं और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है।
सीबीआई अभी देश भर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ दर्ज 30 अन्य मामलों की जांच कर रही है। ये मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत घर खरीदारों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और फंड के गलत इस्तेमाल (डायवर्जन) से संबंधित हैं।
सीबीआई ने अब तक रुद्रा बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, नाइनक्स डेवलपर्स लिमिटेड, डिसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड, रुद्रा बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलपी, साहा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, एमकेएचएस हाउसिंग एलएलपी और ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और उनके डायरेक्टरों के साथ-साथ कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के खिलाफ 18 चार्जशीट दाखिल की हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

