राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों को पीएम मोदी, नितिन नवीन, अमित शाह समेत वरिष्ठ नेताओं ने बताया ऐतिहासिक
जयपुर, 14 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजे सोमवार को घोषित हुए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य के 309 निकायों के 9,900 वार्डों में से भाजपा ने 4,026 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस 3,438 वार्डों में सिमट गई और 2,436 वार्डों में निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार जीते। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पीएम मोदी समेत भाजपा के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं ने जनता का आभार जताया और इसे सुशासन पर जनता की मुहर बताया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के लिए जनता-जनार्दन का हृदय से आभार। यह झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है। यहां के मेरे परिवारजनों के इस जनादेश से एक बार फिर साफ हो गया है कि डबल इंजन सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को उनका पूरा समर्थन है। इससे राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने का हमारा संकल्प भी और सशक्त होगा। इस अवसर पर सभी विजयी प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को मेरी बहुत-बहुत बधाई।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "राजस्थान! राजस्थान के नगर निकायों में भाजपा की प्रचंड विजय पर जनता-जनार्दन का सहृदय धन्यवाद। प्रदेश की जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उनका विश्वास आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर है। भ्रम फैलाने वालों और क्रोधित फूफाओं को चकमा देकर राजस्थान ने जन कल्याण, विकास और सुशासन पर अपनी मुहर लगा दी है। इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री भजनलाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और दिन-रात मेहनत करने वाले भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह विजय 'पंचायत से संसद' तक सेवा और संकल्प की यात्रा को और भी बढ़ावा देगी।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "घणी-घणी बधाइयां राजस्थान! राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। इस प्रचंड विजय के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और भाजपा राजस्थान के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। कांग्रेस के कुशासन व भ्रष्टाचार से प्रदेश को मुक्त कर भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास को नई गति दे रही है। प्रदेशवासियों का यह आशीर्वाद राजस्थान को विकसित बनाने के संकल्प को और मजबूत करेगा।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने लिखा, "राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय पर मुख्यमंत्री भजनलाल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बूथ-बूथ पर समर्पित सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं भाजपा राजस्थान के सभी विजयी प्रत्याशियों को अनंत शुभकामनाएं। राजस्थान में भाजपा को मिला अपार जनसमर्थन, पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं लोककल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। भाजपा पर अटूट विश्वास जताने के लिए सभी मतदाताओं का हार्दिक आभार। भाजपा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की इस यात्रा को निरंतर गति देता रहेगा।"
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने लिखा, "राजस्थान को है सिर्फ भाजपा पर भरोसा! राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय पर देवतुल्य जनता का आभार। डबल इंजन की भाजपा सरकारें, पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक राजस्थान समेत देश की पहली पसंद बन चुकी हैं। इस जीत के लिए सभी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, "यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जिस प्रकार से जनता ने भाजपा के प्रति विश्वास जताया है, यह उसी का परिणाम है कि राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। मुख्यमंत्री भजनलाल एवं राजस्थान भाजपा इकाई को इस जीत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने लिखा, "वीरभूमि राजस्थान को प्रणाम! राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए प्रदेश की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार। यह जनादेश यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भजनलाल के सुशासन और विकासपरक नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, "राजस्थान ने चुना सुशासन और विकास! राजस्थान नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत जनविश्वास, सुशासन और विकास की नीतियों पर जनता की मुहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्थान नई विकास यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।"
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, "राजस्थान का जनादेश स्पष्ट है, जनता ने विकास, सुशासन और जनसेवा पर भरोसा जताया है। स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड विजय के लिए सभी विजयी प्रत्याशियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में बन रहे विकसित राजस्थान के संकल्प की मजबूत स्वीकृति है।"
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

