जीसीएल सीजन 4: अल्पाइन पाइपर्स ने मुंबा मास्टर्स को हराया, गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स और अमेरिकन गैम्बिट्स ने भी दर्ज की जीत
बेंगलुरु, 5 सितंबर (आईएएनएस)। ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के चौथे सीजन की शुरुआत शनिवार से बेंगलुरु में हुई। पहले ही दिन मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने कड़े मुकाबले में चेक मुंबा मास्टर्स को 10-8 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
वहीं, दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स ने उन्हें 10-9 से मात दी। दिन के एक अन्य मुकाबले में फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीबीजी अलास्कन नाइट्स को 10-4 से हराया।
एक साल के ब्रेक के बाद दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन की पाइपर्स की टीम में वापसी के साथ ही सभी की नजरें इस बात पर थीं कि मौजूदा चैंपियन मजबूत मुंबा मास्टर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत कैसे करेंगे। मौजूदा चैंपियन टीम पर शुरुआत में ही दबाव बन गया जब मुंबा मास्टर्स के एम. प्रणेश ने सुपरस्टार मेन्स बोर्ड पर अनीश गिरी को हरा दिया। लेकिन 'प्लेयर ऑफ द मैच' विदित गुजराती ने अपनी टीम को मुकाबले में वापसी कराई। उनकी मजबूत पोजीशनल चालें शखरियार मामेदयारोव को हराने के लिए काफी साबित हुईं।
इसके बाद अनुभवी कोनेरू हम्पी ने कैरिसा यिप को हराकर पाइपर्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि, डी. हरिका ने महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को दिल तोड़ने वाली हार दी, जिससे दोनों टीमों की जीत का स्कोर बराबर हो गया। कार्लसन ने आइकॉन बोर्ड पर मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ मजबूत खेल दिखाया, और यह उनकी टीम की जीत के साथ शुरुआत पक्की करने के लिए काफी था।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ काले मोहरों से खेलने की दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स की रणनीति ने इस दिन के मुकाबले को सबसे रोमांचक बना दिया, जिसमें छह में से पांच खेलों का नतीजा निकला। अनुभवी लेवोन अरोनियन ने वेई यी को सिर्फ 29 चालों में हराकर गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद 'प्लेयर ऑफ द मैच' पोलिना शुवालोवा और स्टावरौला त्सोलाकिडौ ने सुपरस्टार विमेंस बोर्ड पर जीत हासिल करके अपनी टीम की बढ़त को और बढ़ाया।
शुवालोवा ने झू जिनेर को 70 चालों में हराया, जबकि त्सोलाकिडौ ने पूर्व महिला विश्व चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्तेनियुक को 59 चालों में मात दी। हालांकि, लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज समय की कमी के कारण अरविंद चिदंबरम से हार गए। 43 चालों के बाद उनकी घड़ी का समय खत्म हो गया, जबकि उस समय दोनों की स्थिति लगभग बराबरी की लग रही थी।
इसके बाद कॉन्टिनेंटल किंग्स के वी. प्रणव ने गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स के लियोन ल्यूक मेंडोंका को 40 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर दिया, जिससे अंकों का अंतर घटकर सिर्फ एक रह गया। नियम के अनुसार, काले मोहरों से जीत पर टीम को 4 गेम प्वाइंट मिलते हैं, जबकि सफेद मोहरों से जीत पर तीन गेम प्वाइंट मिलते हैं। दिन के शुरुआती मैच में, कैंडिडेट्स 2026 चैंपियन जीएम जावोखिर सिंदारोव ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आइकॉन बोर्ड पर जीएम विश्वनाथन आनंद को 57 चालों में हराकर फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स को पीबीजी अलास्कन नाइट्स पर शुरुआती बढ़त दिलाई।
पीबीजी अलास्कन नाइट्स के जीएम अर्जुन एरिगैसी को काले मोहरों के साथ कुछ मौके मिले, लेकिन 23 वर्षीय खिलाड़ी जीएम निहाल सरीन के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे। अन्य सभी सुपरस्टार पुरुष और महिला बोर्ड के मैच ड्रॉ पर समाप्त होने के कारण, पीबीजी अलास्कन नाइट्स को उम्मीद थी कि अभिमन्यु मिश्रा 'प्रॉडिजी बोर्ड' पर मार्क-एंड्रिया मौरिजी के खिलाफ जीत हासिल करेंगे।
हालांकि, जीसीएल में डेब्यू करने वाले अभिमन्यु को 81 चालों के बाद हार माननी पड़ी, क्योंकि किंग-पॉन एंडिंग में मौरिजी को स्पष्ट बढ़त हासिल थी। सिंदारोव को उनकी जीत के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार भी दिया गया। उन्होंने कहा कि अपनी टीम को मिली इस शुरुआत से वे खुश हैं। "मैं दूसरे बोर्ड पर चल रहे मैचों पर भी नजर रख रहा था और मुझे लग रहा था कि मेरा गेम भी ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, एंडगेम में मैंने एक पॉन का बलिदान दिया, और तब मुझे यकीन हो गया कि मैं जीत सकता हूं।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

