Samachar Nama
×

गाजियाबाद में कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद में कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू
गाजियाबाद में कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। गाजियाबाद के अंबेडकर रोड स्थित यूएस पोलो के शोरूम में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग शोरूम की पहली मंजिल पर लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के दौरान शोरूम की पहली मंजिल पर घना धुआं भर गया था, जिसके बीच दमकल कर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की।

अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:06 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को अंबेडकर रोड पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि अंबेडकर रोड स्थित प्लॉट नंबर-76 में यूएस पोलो शोरूम में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली तत्काल चार फायर टेंडर लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही घटना की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी स्वयं तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने के बाद दमकल अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि यूएस पोलो का शोरूम बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल पर बना हुआ है तथा आग प्रथम तल पर लगी थी। आग के कारण प्रथम तल पर काफी घना धुआं भर गया था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए मोटर फायर इंजन से होजपाइप फैलाकर भवन की प्रथम मंजिल तक पहुंच बनाई।

घने धुएं के बीच दमकल कर्मियों ने सावधानीपूर्वक आगे बढ़ते हुए आग के स्रोत तक पहुंचकर पानी की बौछार शुरू की। लगातार पंपिंग कर आग को नियंत्रित किया गया। काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझाकर शांत कर दिया गया। अग्निशमन विभाग की तत्परता के चलते आग को शोरूम के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इससे बेसमेंट और भूतल समेत आसपास के हिस्सों में आग के विस्तार का खतरा टल गया।

घटना के बाद दमकल टीम ने मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि आग पूरी तरह बुझ चुकी है तथा दोबारा आग भड़कने की कोई संभावना न रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आग में किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी घटना टल गई।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

Share this story

Tags