Samachar Nama
×

गाजा में मानवीय संकट गहराया, इजरायली शासन पर जानबूझकर राहत सामग्री रोकने का आरोप

गाजा में मानवीय संकट गहराया, इजरायली शासन पर जानबूझकर राहत सामग्री रोकने का आरोप
गाजा में मानवीय संकट गहराया, इजरायली शासन पर जानबूझकर राहत सामग्री रोकने का आरोप

तेहरान, 8 नवंबर (आईएएनएस)। फिलिस्तीनी इस्लामिक रेजिस्टेंस मूवमेंट (हमास) ने आरोप लगाया है कि इजरायली शासन जानबूझकर गाजा में मानवीय संकट को और बदतर बना रहा है। हमास ने कहा कि राहत सामग्री रोकने और ठंड के मौसम में विस्थापितों की मुश्किलें बढ़ाने के लिए 'बोर्ड ऑफ पीस' जिम्मेदार है।

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की र‍िपोर्ट के अनुसार, रविवार को जारी एक बयान में फिलिस्तीनी इस्लामिक रेजिस्टेंस मूवमेंट (हमास) ने कहा है कि राहत सामग्री को गाजा में प्रवेश करने से रोका जा रहा है, जबकि सर्दियों का मौसम नजदीक आ रहा है। आपूर्ति रोककर गाजा के लोगों की मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं।

हमास ने कहा कि 'बोर्ड ऑफ पीस' और उसके उच्च प्रतिनिधि निकोलाई म्लादेनोव इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं। संगठन का आरोप है कि उनकी ओर से प्रभावी कार्रवाई न किए जाने के कारण गाजा में विस्थापित फिलिस्तीनियों की परेशानी और बढ़ गई है।

आईआरएनए की र‍िपोर्ट के अनुसार, संगठन ने मध्यस्थ देशों और पक्षों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि इजरायली पक्ष मानवीय सहायता से जुड़े नियमों का पालन करे और गाजा पट्टी में राहत सामग्री पहुंचने दे।

इस बीच, फिलिस्तीनी सूचना केंद्र ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार से जारी भारी बारिश और तूफानी मौसम के कारण गाजा के अलग-अलग इलाकों में विस्थापित लोगों के कई टेंट जलभराव की चपेट में आ गए हैं।

आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी अब भी अपने घरों से विस्थापित हैं, क्योंकि उनके मकान नष्ट हो चुके हैं। ऐसे लोग टेंटों, अस्थायी शिविरों और क्षतिग्रस्त इमारतों में रहने को मजबूर हैं। बारिश और बढ़ती ठंड के बीच उनके पास पर्याप्त सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ गई हैं।

गाजा में लंबे समय से जारी संघर्ष के कारण लाखों लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है और राहत तथा मानवीय सहायता की जरूरत लगातार बनी हुई है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags