Samachar Nama
×

गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

गौतमबुद्धनगर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। एनआईसी सभागार में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और विशेष अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। दोनों दिन जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिलेगी।

बीएलओ के पास फॉर्म-6 सहित आवश्यक प्रपत्र, निर्वाचक नामावली और उसकी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। पात्र नागरिक इन विशेष कैंपों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों के अनुसार, मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 2 नवंबर तक पूरी की जानी है। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर 18 अक्टूबर तक प्रारूप सूची तैयार करके जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करानी है। इसके बाद 19 अक्टूबर को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्रारूप सूची पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी जनपद के अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए सभी आरडब्ल्यूए और एओए सोसाइटियों के अध्यक्षों तथा प्रबंधन का सहयोग लेने को कहा गया। आवासीय सोसाइटियों में रहने वाले पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले लोगों को पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए अभियान की तिथियों, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। संबंधित अधिकारी, बीएलओ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और सोसाइटी प्रबंधन आपसी समन्वय से काम करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने के अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता और उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह उपस्थित रहे।

राजनीतिक दलों की ओर से भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष महेश अवाना और नोएडा उपाध्यक्ष युद्धवीर चौहान शामिल हुए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की ओर से प्रतिनिधि सचिव रवि बरगोति और सौम्या वत्स, बहुजन समाज पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष लखमी सिंह, कोषाध्यक्ष इन्साद अली और विधानसभा प्रभारी ओमप्रकाश सिंह मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश सचिव गजेंद्र सिंह यादव तथा कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष नीरज लोहिया ने बैठक में भाग लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और आवासीय सोसाइटियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मतदाता सूची को अद्यतन करना और यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिले।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags