गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण अभियान तेज करने के निर्देश, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा विशेष फोकस
नोएडा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) के तहत मतदाता पंजीकरण अभियान को गति देने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के निर्देश दिए। विशेष रूप से 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों और महिलाओं के पंजीकरण पर जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 से 22 नवंबर तक चलाए गए छह दिवसीय विशेष अभियान की समीक्षा की। इस दौरान फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति और उनके निस्तारण की प्रगति का आकलन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गौतमबुद्धनगर में नए मतदाताओं को जोड़ने की काफी संभावनाएं हैं। ऐसे में जनपद में विशेष प्रयास किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने गाजियाबाद में किए गए बेहतर कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की तरह गौतमबुद्धनगर में भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए, ताकि बड़ी संख्या में पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें। समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 के निस्तारण में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के लॉगिन पर एक दिन से अधिक आवेदन लंबित नहीं रहने चाहिए। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को आवंटित किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रत्येक एईआरओ को अपने क्षेत्र के सेक्टर, आवासीय सोसायटी, मतदान केंद्रों और उनके क्षेत्राधिकार की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इससे आवेदन में दर्ज पते के आधार पर सही मतदान केंद्र और संबंधित बीएलओ की पहचान कर आवेदन तत्काल भेजा जा सकेगा। इसके बाद बीएलओ को मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करना होगा और अपनी रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करनी होगी। एईआरओ स्तर पर जांच पूरी होने के बाद आवेदन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को भेजा जाएगा, ताकि नियमानुसार समयबद्ध निर्णय लेकर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता पंजीकरण केवल निर्वाचन विभाग तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विशेष कैंप आयोजित करने और शिक्षण संस्थानों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 18 और 19 वर्ष के युवाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें पहली बार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए। कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से भी युवाओं को जागरूक किया जा सकता है। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। इन समूहों के माध्यम से पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें फॉर्म-6 भरने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जमीनी स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाकर अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाए। बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों और बूथ लेवल सुपरवाइजरों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में बीएलओ और बीएलएस उपलब्ध हैं। इनमें से अधिकांश शिक्षित और तकनीकी रूप से दक्ष हैं। वे मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें पर्याप्त प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जाए, ताकि वे अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सकें।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बीएलओ के पास निर्वाचन कार्यों के अलावा अन्य विभागीय जिम्मेदारियां भी हैं। साथ ही गणना और स्वगणना से जुड़े कार्य भी संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ सभी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत अब 16 दिसंबर तक केवल 23 दिन शेष हैं। ऐसे में यह समय प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन लगातार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि गौतमबुद्धनगर के अधिकारी पूरी निष्ठा, मेहनत और आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अगली समीक्षा बैठक में बेहतर परिणाम प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक समावेशी और मजबूत बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में विशेष प्रयास कर बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की जरूरत है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

