गौतमबुद्धनगर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन, युवाओं ने नृत्य, गायन और कला में दिखाई प्रतिभा
ग्रेटर नोएडा, 13 नवंबर (आईएएनएस)। विकसित भारत यंग लीडर कार्यक्रम के अंतर्गत गौतमबुद्धनगर में शुक्रवार को जनपद स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा के सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र, माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशिका नूतन भाटी, प्रधानाचार्य वंदना शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनमें रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इसके तहत पांच अलग-अलग विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लोक नृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, पेंटिंग, कविता लेखन और लोकगीत प्रतियोगिता शामिल रहीं। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुतियों से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि नुक्कड़ नाटक समूह प्रतियोगिता में शारदा यूनिवर्सिटी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, खेड़ा की टीम दूसरे स्थान पर रही। लोक नृत्य समूह प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय की टीम दूसरे स्थान पर रही। पेंटिंग प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के अखिल ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा की परीक्षा बंसल दूसरे और इसी विद्यालय की आरुषि बंसल तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में सिद्धि दात्री ने प्रथम, अंशिका ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रवीण ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने युवाओं को ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित पहचान और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता जनपद स्तर पर आयोजित की गई थी। इसमें चयनित विजेता प्रतिभागी अब आगामी मंडल स्तरीय युवा उत्सव में गौतमबुद्धनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता की तिथि बाद में निर्धारित कर प्रतिभागियों को सूचित की जाएगी।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रतिभागियों और उपस्थित गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। यह युवा उत्सव जिले के युवाओं के लिए अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

