Samachar Nama
×

गौतमबुद्धनगर में इनामी अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, साढ़े तीन साल में 353 गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर में इनामी अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, साढ़े तीन साल में 353 गिरफ्तार
गौतमबुद्धनगर में इनामी अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, साढ़े तीन साल में 353 गिरफ्तार

नोएडा, 19 सितंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 14 सितंबर 2026 तक कमिश्नरेट क्षेत्र में विभिन्न संगीन और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित रहे 353 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का भी सहारा लिया।

पुलिस अधिकारियों की ओर से अलग-अलग मामलों में वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद संबंधित पुलिस टीमों ने इन अपराधियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाए। प्रभावी सूचना संकलन, तकनीकी निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए पुलिस ने इनामी अपराधियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 353 इनामी अभियुक्तों में अलग-अलग राशि के इनाम घोषित अपराधी शामिल हैं। एक लाख रुपए के इनाम वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके अलावा 50 हजार रुपए के इनाम वाले 5 अभियुक्त, जबकि 25 हजार रुपए के इनाम वाले सबसे अधिक 169 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं। इसी तरह 20 हजार रुपए के इनाम वाले 20 अभियुक्त, 15 हजार रुपए के इनाम वाले 54 अभियुक्त और 10 हजार रुपए के इनाम वाले 80 अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में आए।

वहीं, पांच हजार रुपए के इनाम वाले 21 अभियुक्त और 2,500 रुपए के इनाम वाले 2 अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए इनामी अभियुक्तों में सबसे बड़ी संख्या 25 हजार रुपए के इनाम वाले अपराधियों की रही। इसके बाद 10 हजार रुपए के इनाम वाले अपराधियों की संख्या रही।

पुलिस का कहना है कि इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी से विभिन्न लंबित अभियोगों के प्रभावी निस्तारण में मदद मिली है। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर पुलिस का दबाव बढ़ाने में भी सफलता मिली है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली जा रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विशेष रूप से वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें लगातार अभियान चलाएंगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags