Samachar Nama
×

गौतम गंभीर का बर्थडे: युवराज, रैना, राजीव शुक्ला और रोहन जेटली ने दी बधाई

गौतम गंभीर का बर्थडे: युवराज, रैना, राजीव शुक्ला और रोहन जेटली ने दी बधाई
गौतम गंभीर का बर्थडे: युवराज, रैना, राजीव शुक्ला और रोहन जेटली ने दी बधाई

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर बुधवार को 45 साल के हो गए। गंभीर को भारतीय टीम के पूर्व साथी युवराज सिंह और सुरेश रैना, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने जन्मदिन की बधाई दी है।

युवराज ने इंस्टाग्राम पर गंभीर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "जीजी, तुम्हें पता है कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं और चाहता हूं कि तुम और मजबूत होते जाओ। जन्मदिन मुबारक हो, भाई। हमेशा ऊपर उठते रहो, और हमें गर्व महसूस कराते रहो। ढेर सारा प्यार।"

सुरेश रैना ने एक्स पर लिखा, "मैदान पर एक फाइटर, दिल से एक चैंपियन, और एक ऐसा इंसान जो हमेशा भारतीय क्रिकेट के लिए खड़ा रहा है। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आपके सफर में और भी कई उपलब्धियों की कामना करता हूं। प्रेरणा देते रहें और नेतृत्व करते रहें।"

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अपने बधाई संदेश में लिखा, "क्रिकेट के लिए आपका जुनून, कॉम्पिटिटिव भावना और भारतीय क्रिकेट के प्रति अटूट कमिटमेंट प्रेरणा देता रहेगा। भारतीय क्रिकेट के विकास और शान में योगदान देते हुए आपको अच्छी सेहत, खुशी और लगातार सफलता मिले। आपके लिए आने वाला साल शानदार रहे।"

डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने गंभीर को बधाई देते हुए आईएएनएस से कहा, "जन्मदिन मुबारक हो, गौतम गंभीर। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लगातार सफलता की कामना करता हूं। दिल्ली को अपने बेटे और भारतीय क्रिकेट में उनके अनमोल योगदान पर गर्व है। आप पीढ़ियों को प्रेरित करते रहें और भारतीय क्रिकेट को और ऊंचाइयों पर ले जाएं।"

2003 से 2016 के बीच बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज गंभीर ने भारत के लिए 58 टेस्ट, 147 वनडे और 37 टी20 मैच खेले। टेस्ट में 9 शतक और 22 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 4,154 रन, वनडे में 11 शतक और 34 अर्धशतक लगाते हुए 5,238 रन और टी20 में 7 अर्धशतक लगाते हुए 932 रन बनाए। वनडे विश्व कप 2011 और टी20 विश्व कप 2007 में भारत को चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाने वाले गंभीर ने 2018 में संन्यास ले लिया था।

गंभीर बतौर कोच भारतीय क्रिकेट में अपनी दूसरी पारी खेल रहे हैं। गंभीर 9 जुलाई 2024 को भारतीय टीम के कोच बने थे। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 विश्व कप 2026 जीत चुकी है। बतौर हेड कोच उनका कार्यकाल वनडे विश्व कप 2027 तक है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story