Samachar Nama
×

गौतमबुद्धनगर में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सतर्कता

नोएडा, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून/व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में बुधवार को जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की गई।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने का प्रयास किया। 15 अप्रैल 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने कई प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति शांति भंग करने, अराजकता फैलाने या अफवाहों के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार सक्रिय और भ्रमणशील रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में थाना फेस-1 क्षेत्र में एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने स्थानीय पुलिस बल और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से फुट पेट्रोलिंग की। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags