गौतम बुद्ध नगर: 9 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने विकास यात्रा का रखा विस्तृत लेखा-जोखा
गौतम बुद्ध नगर, 20 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद गौतम बुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में जनपद की 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधायक धीरेंद्र सिंह (जेवर), विधायक तेजपाल नागर (दादरी), जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और समावेशी विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में केवल सरकार नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश की छवि एक पिछड़े राज्य से विकसित राज्य की ओर तेजी से बदली है। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मंत्री ने बताया कि “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत 4000 करोड़ रुपये से अधिक की माफिया संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई है। साथ ही 53 संगठित अपराधी गिरोहों का सफाया किया गया और 977 अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई हुई है। पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 2.19 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई और यूपी-112 की प्रतिक्रिया समय को घटाकर 6 मिनट कर दिया गया है।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए, उन्होंने बताया कि करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है और 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5.60 करोड़ कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे 9 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। वहीं, महिलाओं के सशक्तिकरण में स्वयं सहायता समूहों की बड़ी भूमिका रही है, जहां 1.06 करोड़ महिलाएं जुड़ीं और 18 लाख महिलाएं “लखपति दीदी” बनी हैं।
कृषि क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। खाद्यान्न उत्पादन 737 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है और गन्ना किसानों को 3.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3.12 करोड़ किसानों को सीधे खाते में धनराशि दी गई है। युवा और रोजगार के क्षेत्र में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि 49.86 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए। इसके अलावा, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बिना गारंटी ऋण योजनाएं चलाई जा रही हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की बात करें तो प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। गंगा एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकास को नई दिशा दे रहे हैं।
इसके साथ ही, राज्य में सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना और रैपिड रेल जैसी परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं। पर्यटन और सांस्कृतिक विकास में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या के विकास कार्यों से प्रदेश को वैश्विक पहचान मिली है। महाकुंभ 2025 जैसे आयोजनों ने पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 36 लाख करोड़ रुपये हो गया है और राज्य 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में एक मजबूत इंजन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी

