गौरव गोगोई के पाकिस्तानी संबंधों पर सीएम सरमा के दावों को लेकर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया
गुवाहाटी, 20 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला करते हुए उन पर राज्य के युवाओं के लिए शासन, विकास और रोजगार पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय व्यक्तिगत हमलों में लिप्त होने का आरोप लगाया।
गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से संबंध होने के गंभीर आरोपों के बारे में पूछे जाने पर, प्रियंका गांधी ने सरमा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि झूठे आरोपों के माध्यम से परिवारों और बच्चों को निशाना बनाना अनुचित है।
उन्होंने कहा कि झूठ फैलाकर किसी के परिवार या बच्चों पर हमला करने की कोई आवश्यकता नहीं है। ऐसा करने के बजाय, मुख्यमंत्री को असम के विकास के लिए काम करना चाहिए। असम के युवाओं को आज रोजगार और नौकरी के अवसरों की आवश्यकता है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव से पहले के राजनीतिक माहौल का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही मुख्यमंत्री भय फैलाने का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का बचाव करते हुए उन्हें मूल्यों पर आधारित राजनीति में विश्वास रखने वाला सकारात्मक नेता बताया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि गौरव गोगोई एक सकारात्मक व्यक्ति हैं जो असम में मूल्यों पर आधारित राजनीति करना चाहते हैं। चुनाव नजदीक आने से मुख्यमंत्री डरे हुए हैं। प्रियंका गांधी ने सीएम हेमंत बिस्व सरमा द्वारा गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि असम की जनता ऐसे दावों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गौरव गोगोई पर लगाए गए आरोप असम की जनता को गवारा नहीं हैं।
इसके साथ प्रियंका गांधी ने लोकप्रिय असमिया गायक जुबीन गर्ग से जुड़े विवाद पर भी टिप्पणी करते हुए राजनीतिक दलों से कलाकारों को राजनीतिक लड़ाइयों से दूर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग असम की आत्मा हैं। वे राजनीति से ऊपर हैं। जुबीन गर्ग को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जुबीन गर्ग को राज्य का प्रिय सांस्कृतिक प्रतीक बताया।
प्रियंका गांधी ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ते समय आम लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों, विशेष रूप से बेरोजगारी, बढ़ती कीमतों और विकास पर ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी सम्मान, मूल्यों और जन-केंद्रित शासन पर जोर देते हुए सत्तारूढ़ भाजपा का राजनीतिक और लोकतांत्रिक रूप से मुकाबला करने के लिए तैयार है।
-- आईएएनएस
सत्यम/डीकेपी

