Samachar Nama
×

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 किलो से अधिक गांजा जब्त, 9 तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 किलो से अधिक गांजा जब्त, 9 तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 किलो से अधिक गांजा जब्त, 9 तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद, 1 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 81.374 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 40.68 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा दो कार, दो मोटरसाइकिल और 13 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से अलग-अलग वाहनों के जरिए गांजा की खेप तस्करी कर लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर देवभोग, इंदागांव और पायलीखंड थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाया।

देवभोग थाना क्षेत्र के अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में पुलिस ने दो संदिग्ध कारों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कार से 8.100 किलोग्राम और दूसरी कार से 40.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, इंदागांव थाने की पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी तरह पायलीखंड थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमाड़ तिराहे के पास चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। उनके पास मौजूद तीन बैगों से 22.740 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 81.374 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 68 हजार 700 रुपए है, जब्त किया गया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई दो कारें, दो मोटरसाइकिलें (करीब 6.50 लाख रुपए मूल्य) तथा 13 मोबाइल फोन (करीब 65 हजार रुपए मूल्य) भी जब्त किए गए हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags