गांजा तस्करी प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर राजस्थान से गिरफ्तार
कबीरधाम, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। कबीरधाम पुलिस मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। थाना प्रभारी चिल्फी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा की गई।
प्रकरण में दिनांक 24 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कंटेनर वाहन में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना चिल्फी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बनाए गए गोपनीय चेंबर से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 927.645 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपए है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर वाहन (अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए) को भी जब्त किया गया। प्रकरण में कुल 890 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ था। मामले में थाना चिल्फी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर की गांजा तस्करी में संलिप्तता सामने आई। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना चिल्फी पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई तथा तकनीकी सहायता भी ली गई। आरोपी की तलाश के लिए राजस्थान में भी पुलिस टीम भेजकर प्रयास किए गए।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घनश्याम गुर्जर को प्रकरण में मुख्य आरोपी के रूप में शामिल किया गया। आरोपी की लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे राजस्थान के जिला कोटपुतली-बहरोड़ अंतर्गत थाना बहरोड़ सदर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को थाना बहरोड़ सदर, जिला कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) में की गई। आरोपी को कबीरधाम लाने के लिए नियमानुसार ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। थाना चिल्फी लाने के बाद आरोपी से प्रकरण के संबंध में थाना चिल्फी पुलिस तथा एएनटीएफ पुलिस टीम कबीरधाम द्वारा पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई।
आरोपी घनश्याम गुर्जर को दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है। उक्त कार्रवाई में साइबर थाना पुलिस टीम, एएनटीएफ पुलिस टीम, तथा थाना चिल्फी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
--आईएएनएस
एमएस/

