गंगा दशहरा और बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सरयू-संगम तटों पर लाखों श्रद्धालु
अयोध्या, 26 मई (आईएएनएस)। पावन पर्व गंगा दशहरा और ज्येष्ठ महीने के चौथे बड़े मंगल के एक साथ पड़ने से धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। अयोध्या में सरयू नदी के घाटों और प्रयागराज के पावन संगम पर सुबह से ही भक्तों का हुजूम देखने को मिला।
सरयू नदी के घाटों और प्रसिद्ध मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने बताया, "आज गंगा दशहरा का पर्व मनाया जा रहा है। साथ ही परंपरागत रूप से ज्येष्ठ का मंगल भी है, जिसे यहां बड़े मंगल के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक महत्व की दोनों तिथियों के एक साथ पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालु लगातार आ रहे हैं। स्नान करने के बाद सभी श्रद्धालु मंदिरों में जाकर दर्शन कर रहे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां जल पुलिस, पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात हैं। वहीं, बैरिकेडिंग भी लगाई गई है और इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि कोई भी श्रद्धालु नियमों का उल्लंघन न करे।"
महंत सीताराम दास ने कहा, "आज पवित्र गंगा दशहरा का पर्व है। इसी दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। मान्यता है कि इस दिन भगीरथ जी ने कठोर तपस्या कर मां गंगा को प्रसन्न किया था, जिसके बाद मां गंगा ने उनके पूर्वजों के उद्धार के लिए धरती पर अवतार लिया। आज के दिन जो भी मां गंगा में स्नान और दान करता है, उसे पुण्य की प्राप्ति होती है। आज श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।"
दर्शन करने आईं एक महिला श्रद्धालु ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "हम यहां महावीर जी के दर्शन करने आए हैं। भीड़ बहुत ज्यादा है, लेकिन प्रशासन की व्यवस्था के कारण हमारे दर्शन बहुत अच्छे से हो गए। यहां आकर मन को बहुत शांति मिली।"
संगम नगरी प्रयागराज में बड़े मंगल के अवसर पर धार्मिक माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए 'लेटे हनुमान मंदिर' में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
प्रयागराज के एक बच्चे ने कहा, "आज चौथा बड़ा मंगल है। गंगा दशहरा के कारण यहां बहुत भीड़ लगी हुई है। मैं सुबह 4 बजे से लाइन में लगा हुआ हूं और अब जाकर मुझे दर्शन प्राप्त हुए हैं।"
वहीं, एक अन्य श्रद्धालु रोहित पांडे ने कहा, "आज के इस पावन संयोग पर इतनी भारी भीड़ के बीच भगवान के दर्शन करना सौभाग्य की बात है। मैंने बजरंगबली और मां गंगा से पूरे विश्व के कल्याण और शांति की प्रार्थना की है।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस

