गणेश उत्सव पर सेलेब्स के घर गूंजा 'गणपति बप्पा मोरया', दिव्या दत्ता ने बनाया हलवे का भोग
मुंबई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। गणेश चतुर्थी के अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा को अपने घर में लेकर आ रहे हैं। आम लोगों की तरह मनोरंजन जगत के सेलेब्स गणपति बाप्पा को अपने घर लाए। सरवरी वाघ, दिव्या दत्ता और अर्जुन बिजलानी समेत कई सेलेब्स ने बप्पा का स्वागत किया और अपनी खुशी जाहिर की।
अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने परिवार संग अपने घर पर गजानन का स्वागत किया। पूजा सम्पन्न करने के बाद अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बप्पा के आगमन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बप्पा से कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं है। क्योंकि वे अच्छे से जानते हैं कि कौन से घर में किस चीज की आवश्यकता है। बप्पा ने इस साल मुझे बहुत सारे प्रोजेक्ट दिए हैं, जिसके लिए मैं उनकी शुक्रगुजार हूं। जिंदगी में कभी-कभी ऐसे मौके होते हैं, जहां आपको बप्पा की जरूरत होती है और वे आपका साथ देते हैं। बस आपको इरादा अच्छा होना चाहिए।"
अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने बप्पा को मीठे का भोग चढ़ाने के लिए 'हलवा' बनाया है। उन्होंने कहा, "पहले मेरी नानी बनाती भोग में हलवा बनाती थी, फिर मम्मी और अब मैं बनाती आ रही हूं। उसके साथ आलू पूरी, मोदक और भी कई तरह की मिठाइयां होती हैं, जिनका भोग लगाया जाता है।"
वहीं, अर्जुन बिजलानी ने भी अपने घर पर बप्पा का स्वागत किया। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह त्योहार उनके दिल के बेहद करीब रहा है। उन्होंने कहा, "बप्पा को घर लाने और परिवार के साथ मिलकर आरती करने का रिवाज मेरे दिल के बहुत करीब रहा है। सभी का एक साथ आना, अपनी बिजी जिंदगी से कुछ पल निकालकर साथ में प्रार्थना करना बहुत खास एहसास होता है। आज भी, मेरा शेड्यूल कितना भी हेक्टिक क्यों न हो, मैं पक्का करता हूं कि मैं सेलिब्रेशन के लिए वहां रहूं।"
उन्होंने आगे कहा, "हम हर साल बप्पा को घर लाते हैं और पूरी खुशी और जोश के साथ सेलिब्रेट करते हैं। मेरे और मेरे परिवार के लिए, ये दिन बहुत सारी पॉजिटिविटी, आरती, फैमिली टाइम, खाने और बेशक, बप्पा के लिए ढेर सारे प्यार से भरे होते हैं।"
इतने सालों में गणपति मनाने की अपनी यादों को याद करते हुए, अर्जुन ने कहा, "इतने सालों में बप्पा के साथ मेरी बहुत सारी खूबसूरत यादें हैं। हर साल, सेलिब्रेशन एक नई याद बनाता है, लेकिन फीलिंग वही रहती है, पक्की खुशी, शुक्रिया और बप्पा के लिए प्यार।"
अभिनेत्री शरवरी वाघ ने भी अपने परिवार के साथ त्योहार के जश्न की झलक सोशल मीडिया पर शेयर कर इस त्योहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बहन और परिवार संग कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इसक साथ उन्होंने लिखा, "गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया। आप सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरे लिए यहीं से साल की शुरुआत और अंत होता है। घर आकर प्यार, अपनापन, परिवार, पॉजिटिविटी और ढेर सारे मोदक मिलना, यही एक पूरा सर्कल है। इतने शानदार साल के लिए थैंक्यू बप्पा, आपके आशीर्वाद के साथ नए साल में कदम रख रही हूं।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

