Samachar Nama
×

'गांधी परिवार को ढोना कांग्रेस की मजबूरी, देश की नहीं', राहुल गांधी पर बरसे जयराम ठाकुर

'गांधी परिवार को ढोना कांग्रेस की मजबूरी, देश की नहीं', राहुल गांधी पर बरसे जयराम ठाकुर
'गांधी परिवार को ढोना कांग्रेस की मजबूरी, देश की नहीं', राहुल गांधी पर बरसे जयराम ठाकुर

मंडी, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सुप्रीम कोर्ट में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का समर्थन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जनादेश हासिल करना जरूरी है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता हासिल करने की कोशिश में संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उचित व्यवहार नहीं कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले कुछ लोगों की सोच को लेकर जो टिप्पणी की है, उसके संदर्भ में राहुल गांधी का व्यवहार भी सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा में चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपना रहे हैं। संविधान की किताब हाथ में लेकर शपथ लेना और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना दो अलग बातें हैं। राहुल गांधी संविधान की शपथ लेने के बावजूद संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।

राहुल गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर टिप्पणी करते हुए जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने में लगातार असफलता के कारण उनकी निराशा बढ़ रही है। उन्होंने राहुल गांधी के व्यवहार पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की और कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जिस तरह उनका समर्थन कर रहे हैं, वह पार्टी की मजबूरी हो सकती है, लेकिन देश के लिए किसी एक परिवार को सत्ता सौंपना मजबूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को आगे बढ़ाना कांग्रेस की राजनीतिक पसंद हो सकती है, लेकिन देश में प्रधानमंत्री का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के फैसले के आधार पर होता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि वह चुनाव लड़कर और जीतकर प्रधानमंत्री बने हैं। प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि उन्हें प्रधानमंत्री बनना है, तो उन्हें चुनाव लड़कर जनता का समर्थन हासिल करना चाहिए। लोकतंत्र में सत्ता पाने का रास्ता चुनावी जीत से होकर गुजरता है, न कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ विरोध या विवाद खड़ा करने से।

जयराम ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश की जनता इन घटनाओं को देख रही है और कांग्रेस के कुछ समर्थकों का खुश होना पूरे देश की राय नहीं माना जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राहुल गांधी को सत्ता मिलती है, तो उनके मौजूदा व्यवहार को देखते हुए देश के भविष्य को लेकर सवाल उठ सकते हैं।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story