Samachar Nama
×

गांधी पर सवाल उठाने वाले आजादी के समय कहां थे, राजभर को इलाज की जरूरत: सपा

गांधी पर सवाल उठाने वाले आजादी के समय कहां थे, राजभर को इलाज की जरूरत: सपा
गांधी पर सवाल उठाने वाले आजादी के समय कहां थे, राजभर को इलाज की जरूरत: सपा

लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर आरएसएस प्रचारक इंद्रेश कुमार की टिप्पणी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान समेत कई मुद्दों पर तल्ख टिप्पणी की। फखरुल हसन चांद ने कहा कि भाजपा और आरएसएस इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।

आरएसएस प्रचारक इंद्रेश कुमार के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'बापू झुकते नहीं तो देश का विभाजन नहीं होता', समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस विचारधारा का देश की आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा, वह आज महात्मा गांधी पर सवाल उठा रही है।

उन्होंने कहा कि जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवाओं से 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' का आह्वान कर रहे थे और आजाद हिंद फौज में शामिल होने की अपील कर रहे थे, तब यही विचारधारा लोगों को उसमें शामिल होने से रोक रही थी और अंग्रेजों की सेना में जाने की बात कर रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 'भारत छोड़ो आंदोलन' का भी इसी विचारधारा ने विरोध किया था। महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अहिंसा के प्रतीक के रूप में सम्मानित हैं। ऐसे में गांधी जी पर इस तरह की टिप्पणी करना भाजपा और उससे जुड़े संगठनों को शोभा नहीं देता। भाजपा और आरएसएस के नेता लगातार गांधी जी को निशाना बनाते रहे हैं।

सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के हालिया एक्स पोस्ट और समाजवादी पार्टी पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए फखरुल हसन चांद ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी कह चुकी है कि राजभर का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि लखनऊ के लालबाग स्थित नूर मंजिल मानसिक चिकित्सालय में उन्हें इलाज कराना चाहिए और समाजवादी पार्टी उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने को तैयार है।

भाजपा के दबाव के कारण राजभर पिछड़ों के हितों की बात नहीं कर पा रहे हैं। सुबह उन्हें जो पर्ची मिलती है, उसी के आधार पर वह बयान देते हैं। भाजपा के दबाव में उनका मानसिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया है। समाजवादी पार्टी उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है और चाहती है कि वह जल्द स्वस्थ हों। प्रदेश की जनता अब ओम प्रकाश राजभर के बयानों को गंभीरता से नहीं लेती और वह प्रतिदिन केवल समाजवादी पार्टी का नाम लेकर राजनीतिक बयानबाजी करते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पाकिस्तान के निर्माण और कांग्रेस की भूमिका संबंधी बयान पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी समझती है कि पाकिस्तान का बंटवारा हुआ; पाकिस्तान को दो हिस्सों में तोड़ने का काम इंदिरा गांधी ने किया और कांग्रेस ने किया। अगर किसी दल को इस बात का अफसोस हो रहा है, तो हमें तो फक्र होता है कि इंदिरा गांधी और देश की सेना ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर हमें कोई टिप्पणी नहीं करनी है। अगर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को यह दर्द है कि पाकिस्तान के दो टुकड़े क्यों हुए, तो समाजवादी पार्टी समझती है कि उत्तर प्रदेश की जनता और देश की जनता उन्हें सुन रही है और देख रही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की साइकिल की वजह से यूपी की बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगी। इस पर सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के दो विधायकों की सदस्यता बलात्कार के आरोप में सजा होने पर चली गई। भाजपा की सरकार में हाल ही में हुए संगठन विस्तार में बाराबंकी के उस प्रत्याशी को शामिल किया गया, जिनका टिकट इसलिए कट गया था, क्योंकि उनकी एक वीडियो वायरल हो गई थी।

भाजपा के बीएचयू आईटी सेल के उन लोगों के बारे में भी सवाल उठ रहे हैं, जिन्हें भाजपा बचाने का प्रयास कर रही है और जिन पर महिलाओं के साथ गंभीर आरोप लगे हैं। हमारी पार्टी समझती है कि जिनका चरित्र सबके सामने है, जो 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देते हैं और खुद उनका चरित्र कैसा है, वह पूरा देश देख रहा है। समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने विधायकों की सदस्यता, बाराबंकी प्रत्याशी की वीडियो और बीएचयू आईटी सेल के सदस्यों के बारे में बताना चाहिए।

पश्चिम बंगाल सरकार सोमवार को विधानसभा में यूसीसी विधेयक पेश कर सकती है। इस पर उन्होंने कहा कि सपा समझती है कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। यूजीसी, मदरसों और मुसलमानों पर चर्चा करके वह अपने एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। उनके एजेंडे में रोजगार नहीं है, गरीब नहीं है, किसान नहीं है और सुरक्षा भी नहीं है। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें बनती हैं, वह अपने राजनीतिक एजेंडे पर काम करती हैं। भाजपा के एजेंडे में न देश का विकास है, न उत्तर प्रदेश का और न ही किसी प्रदेश का विकास है।

बांग्लादेश से निकाले हुए अल्पसंख्यकों को लेकर सीएम योगी के बयान पर सपा नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी समझती है कि पाकिस्तान के दो टुकड़े होकर बांग्लादेश का निर्माण भारतीयों के लिए गर्व की बात है। आने वाले समय में यदि पाकिस्तान के चार, छह या दस टुकड़े भी हो जाते हैं तो वह भी गर्व का विषय होगा। समाजवादी पार्टी का मानना है कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा उस देश की सरकार की जिम्मेदारी है और अल्पसंख्यकों पर कहीं भी अत्याचार नहीं होना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story

Tags